सपना देखने वाले कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सके: देवेंद्र फडणवीस

 31 Dec 2016  896
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
मुझे मुख्यमंत्री ही रहने दो। जिन लोगों ने प्रधानमंत्री बनने का सपना देखा वह कभी भी प्रधानमंत्री नहीं बन सके। इस तरह की प्रतिक्रिया मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई, पवई आईआईटी में एक कार्यक्रम के दरम्यान व्यक्त की है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री छात्रों के प्रश्रों का सहजता से उत्तर दे रहे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से पूछा गया था कि उनका लक्ष्य क्या है, वह प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। इसपर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद वह पिछले दो साल में ठीक से सो नहीं सके हैं । इसका उदाहरण उनकी आंखों के नीचे बनी कालिमा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने का सपना शरद पवार, मुलायम सिंह यादव, लालू प्रसाद यादव ने देखा था, जो कभी भी पूरा नहीं हो सका । इसलिए वह मुख्यमंत्री से ही खुश हैं। फडणवीस ने कहा कि एक बार नौकरी मिलने के बाद लोग संतुष्ठ हो जाते हैं ,लेकिन उनके समक्ष काम करने की चुनौती कुछ ज्यादा ही है। इस कार्यक्रम में छात्रों के प्रश्रों का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय की परिस्थिति को देखते हुए शिक्षा व आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए वर्ग को आरक्षण देना जरुरी है। हालांकि परिस्थिति में बदलाव आ रहा है। इसी प्रकार नोटबंदी पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मात्र भ्रष्ट्राचार के विरुद्ध एक कदम मात्र है। यह निर्णय सफल हुआ है, लेकिन कुछ लोगों ने इसका दुरुपयोग किया है , सरकार उनपर कड़ी कार्रवाई करने वाली है।