बीएमसी चुनाव से पहले हो सकती है 1200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा

 25 Dec 2016  680
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 
 
मुंबई मनपा की सत्ताधारी शिवसेना-भाजपा आगामी मनपा चुनाव को देखते हुए 1200 करोड़ करोड रुपए के विकास कार्योंकी घोषणा कर सकती है। आगामी स्थायी समिति की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव सत्तापक्ष द्वारा लाया जा सकता है। गौरतलब है कि मुंबई मनपा का चुनाव आगामी फरवरी-मार्च में संभावित है और अगले सप्ताह तक चुनावी आचार संहिता की घोषणा भी की जा सकती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनाव को देखते हुए उसका लाभ लेने के उद्देश्य से मनपा की सत्ता पर काबिज शिवसेना-भाजपा मतदाताओं को लुभाने के लिए 1200 करोड़ रूपए के विकास कार्यों की मंजूरी मनपा की स्थायी समिति की बैठक में देकर घोषणा कर सकती है। पुल बनाने, नाला बनाने, सीसीटीवी लगाने, भुयारी मार्ग बनाने और मनपा स्कूलों में पढने वाले विद्यार्थियों को गणवेश के साथ अन्य सुविधाओं को देने का ऐलान 1200 करोड़ रूपए के विकास कार्यों में किया जा सकता है। घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड पर पुल बनाने, मोहिते पाटिल नगर जंक्शन पर भुयारी मार्ग बनाने की कवायद की जा सकती है। जलापूर्ति करने वाली पाईपलाइनों के लिकेज के मरम्मतीकरण के कामों को करने की घोषणा करके शिवसेना-भाजपा चुनावी लाभ लेने की फिराक में है। मनपा की स्थायी समिति की बैठक बुधवार को होने जा रही है। इस बैठक में तकरीबन 74 प्रस्ताव चर्चा के लिए आएंगे, जिन्हें मंजूरी देने का काम स्थायी समिति द्वारा किया जा सकता है, क्योंकि स्थायी समिति मनपा की तिजोरी होती है।