विदेशी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए पेटीएम को प्रोत्साहन:पृथ्वीराज चव्हाण

 22 Dec 2016  399
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

केंद्र व राज्य सरकार नगदरहित व्यवहार करने की अपील आम जनता से कर रही है और इसके लिए पेटीएम का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है। इस पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने केंद्र व राज्य की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार विदेशी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए पेटीएम के प्रयोग को प्रोत्साहन दे रही है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने आरोप लगाते हुए कहा है कि पेटीएम में चीन की अलीबाबा कंपनी की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी और सिंगापुर की एक कंपनी की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सरकार देशी कंपनियों को लाभ न पहुंचाकर विदेशी कंपनियों को लाभ पहुंचा रही है। चव्हाण केंद्र व राज्य सरकार से प्रश्न करते हुए कहा है कि क्या लोकसभा व विभिन्न राज्यों के चुनाव क्रेडिट व डेबिट कार्ड से पैसे निकालकर लड़े जाएंगे। चव्हाण ने विदेशी कंपनी को लाभ पहुंचाने के मामले में आगे कहा कि पुराने नोटों को चलन से बाहर करने के बाद नगदी रहित व्यवहार करने के लिए भारतीय कंपनियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही कुछ पर्यायी व्यवस्था करनी चाहिए थी। परंतु केंद्र व राज्य सरकार ने ऐसा न करते हुए पेटीएम का प्रचार करना शुरू कर दिया है। बहुतेक विकसित देशों में बड़े पैमाने पर नगदी का व्यवहार चलता है। भारत में पूरा व्यवहार कोई नियोजन न करते हुए कैशलेस कर देना कैसे संभव होगा? इसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना होगा।