महाराष्ट्र में विभिन्न स्थानों से नए व पुराने नोटों के साथ करोड़ों रुपए की नगदी बरामद हुई है। मुंबई उपनगर के तिलकनगर से 10 करोड़ के पुराने नोट और 10 लाख रुपए के नए नोट बरामद हुए हैं। उधर पुणे के कोरगांव से नए दो हजार व पांच सौ के 14 लाख बरामद हुए हैं। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पांच सौ और हजार रुपए के नोटों को चलन से बाहर किए जाने का आदेश देने के बाद बड़े पैमाने पर नए व पुराने नोट बरामद किए जा रहे हैं। मुंबई उपनगर के तिलक नगर से 10 करोड़ के पुराने नोट और 10 लाख रुपए के नए नोट नाकाबंदी के दौरान बरामद किए गए हैं। हालांकि ये रूपए विद्यानाथ अर्बन बैंक के बताए जा रहे हैं, इसलिए इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसी तरह पुणे के कोरगांव से पुलिस ने नए नोटों के रूप में 14 लाख रुपए बरामद किया है। इस मामले में चार लोगों को पुलिस ने अपनी हिरासत में लिया है। इसी तरह पालघर जिले की वसई तहसील से शिवसेना के नगरसेवक धनंजय गावडे की गाडी से 11 लाख रुपए की नगदी नए नोटों के रुप में बरामद हुई है तो नालासोपारा में एक व्यापारी के यहां से करोड़ों रुपए बरामद होने का समाचार है। कल्याण पुलिस ने भी नए नोटों के रूप में 21 लाख रुपए बरामद किया गया है। इन सभी मामलों की जांच उन क्षेत्रों की स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।