वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
पश्चिम रेलवे के मालाड स्टेशन पर टिकट बुकिंग कार्यालय के मुख्य बुकिंग सुपरवाइजर महेश टोपो को पुराने और नए नोट के हिसाब में गड़बड़ी पाए जाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की पुष्टि करते हुए पश्चिम रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी ने कहा है कि जल्द ही यात्री आरक्षण केंद्र के उक्त कर्मचारी को चार्जशीट दी जाएगी।
गौरतलब है कि नोटबंदी के बाद केंद्र सरकार ने रेलवे सहित कुछ क्षेत्रों में एक हजार और 500 रुपये के लेन-देन को जारी रखा था। बैंकों द्वारा रेलवे को प्रचलन वाले नोट दिए जा रहे थे, ताकि यात्रियों को विनिमय के दौरान समस्या न हो। मालाड स्टेशन के मुख्य बुकिंग सुपरवाइजर महेश टोपो के जिम्मे पैसों के लेनदेन का हिसाब रखा जा रहा था। हिसाब की जांच करने पर नोटों के पुराने और नए नोटों के लेनदेन में गड़बड़ियाँ पाई गईं, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। रेलवे में नए नोटों की गड़बड़ियों के बाद सभी बुकिंग क्लर्कों को पुराने और नए नोटों का हिसाब रखने की हिदायत दी गई थी। पश्चिम रेलवे द्वारा अब महेश टोपो को जल्द ही चार्जशीट दी जाएगी। संदेह के आधार पर दस दिनों पहले सीबीआई की टीम ने सीएसटी स्टेशन का निरीक्षण किया था। इस दौरान 8 नवम्बर के बाद बुकिंग खिड़कियों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे। 10 नवम्बर के दिन ग्रांटरोड स्टेशन के उप स्टेशन मैनेजर को भी निलंबित किया गया था। उन पर 1.65 लाख रुपये के पुराने नोट, प्रचलित नोटों में बदलने का आरोप था। इसके बाद मुंबई डिविजन के मंडल रेल प्रबंधक मुकुल जैन ने मुंबई सेंट्रल स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान एक बुकिंग क्लर्क पर आरोप लगाते हुए कहा गया था कि वह पुराने नोट के बदले नए नोट की अदला-बदली कर रहा था, जिसके बाद उक्त कर्मचारी का ट्रांसफर कर दिया गया था और अब मालाड के मुख्य बुकिंग सुपरवाइजर को नोटों में गड़बड़ी करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।