दूसरे चरण के नगरपालिका चुनाव में भी भाजपा बनी नंबर वन

 20 Dec 2016  657
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

महाराष्ट्र में नगरपालिका व नगरपंचायत के दूसरे चरण के चुनाव में भी भाजपा ने नंबरवन की पोजीशन को बरकरार रखा है। इस चुनाव की गुरूवार को हुई मतगणना में कुल 14 नगराध्यक्षों में 5 नगराध्यक्ष भाजपा के विजयी हुए हैं। इसी तरह इस चुनाव में कांग्रेस के 3, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 2 , शिवसेना का एक व अन्य दलों के 3 नगराध्यक्ष चुने गए हैं। भाजपा के अभूतपूर्व प्रदर्शन की वजह से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। मिली जानकारी के अनुसार राज्य में 14 नगरपालिका के 335 नगरसेवकों का चुनाव बुधवार को संपन्न हुआ था जिसकी गुरुवार को मतगणना संपन्न हुई। प्राप्त ताजा नतीजों के अनुसार भाजपा के सर्वाधिक 100 नगरसेवक विजई घोषित किए गए हैं। इसी तरह राकांपा 99 , कांग्रेस के 64 , शिवसेना के 28 नगरसेवक व अन्य निर्दलीय तथा स्थानीय आघाड़ी के नगरसेवक चुने गए है। यह चुनाव कांग्रेस व राकांपा के गढ़ में था, जिससे कांग्रेस व राकांपा नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। बारामती में राकांपा नेता अजीत पवार ने अपना गढ बचा लिया है , लेकिन पुणे में अन्य जगह भाजपा विजयी होने में सफल रही है। इंदापुर में कांग्रेस नेता हर्षवर्धन पाटील ने भी अपना गढ़ बचाने में कामयाबी हासिल किया है। इसी तरह कांग्रेस का गढ़ रहे लातुर में भाजपा ने वर्चस्व कायम किया है और कई दशक की कांग्रेस की सत्ता को दरकिनार करते हुए अपना परचम फहरा दिया है।