ग्रामसेवक पर हुआ चाकू से हमला

 19 Dec 2016  976
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
 
जलगांव में शबरी घरकुल योजना में अपना नाम न देखकर आग बबूला हुए अशोक सोनवणे ने पहले ग्रामसेवक की लाठी से पिटाई कर दी और बाद में चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अपनी हिरासत में ले लिया है और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। जलगांव में आदिवासी प्रकल्प कार्यालय की ओर से शबरी घरकुल योजना कार्यान्वित की जा रही है। घरकुल के लिए खेड़ी में रहने वाले अशोक सोनवणे ने अपनी पत्नी सुमित्रा सोनवणे के नाम से आवेदन किया था। यह प्रकरण पंचायत समिति की ओर से आने के बाद गुटविकास अधिकारी ने लाभर्थियों की सूची जाहिर की और इस सूची में सोनवणे का नाम नहीं था। ग्रामपंचायत कार्यालय में ग्रामसेवक गिरीश चौहान, ग्राम पंचायत के सदस्यों व ग्रामीणों के साथ बैठे थे। उसी समय अशोक सोनवणे वहां पहुंचे और पूछा कि ग्रामसेवक से शबरी घरकुल योजना की सूची में पत्नी का नाम क्यों नहीं डाला जा रहा है? इस बात को लेकर लोग आपस में झगड़ने लगे । यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि सोनवणे ने लठ से ग्रामसेवक को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद जब ग्रामीणों ने बीच बचाव करते हुए लठ छीन लिया तो उसने जेब से चाकू निकाला और ग्रामसेवक पर हमला कर दिया। बचाव करते हुए ग्रामसेवक ने हाथ आगे बढा दिया जिससे चाकू उनके हाथ में लग गयी और अपनी जान बचाकर ग्रामसेवक सरपंच के घर में छुप गया और बाद में सोनवणे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जलगांव के शिवा जी नगर से हिरासत में ले लिया।