बम निरोधक दस्ते में बहुत जल्द शामिल होगा रोबोट

 15 Dec 2016  920
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

राज्य के बम निरोधक दस्ते में बहुत जल्द रोबोट को शामिल किया जाएगा। यह पुलिस के साथ मिलकर बम ढूढने व उसे नष्ट करने का काम करेगा। यह जानकारी राज्य के पुलिस महानिदेशक सतीश माथुर ने दी है। माथुर ने बताया कि यह रोबोट फिल्मों में दिखने वाले रोबोट की शक्ल का नहीं वरन एक प्रकार की काम्पैक्ट मशीन के रूप में रहने वाला है। इस तरह की दो मशीनों का आर्डर दिया गया है और दोनों मशीन कुछ ही दिनों में पुलिस की सेवा में शामिल हो जाएंगी। यह मशीन डिजीटल वायरलेस एप्लीकेशन सिस्टम से लैस रहने वाली है तथा पूरी तरह बम प्रूफ रहने वाली है। यह सिस्टम 100 मीटर दूरी से नियंत्रित किया जा सकेगा, जिससे 100 मीटर की परिधि में यह बम ढूढकर उसे नष्ट करने का काम कर यह वापस आ सकता है। इससे बम ढूढने व उसे नष्ट करते समय किसी भी तरह की जनहानि होने की संभावना नहीं रह सकेगी। माथुर ने बताया कि इस तरह की प्रणाली का उपयोग विश्व के कई विकासशील देशों में किया जा रहा है। इतना ही नहीं इस काम्पैक्ट मशीन से अनेक प्रकार की सूचनाएं भी प्राप्त की जा सकती हैं और इसे अन्य महत्वपूर्ण कामों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी प्रकार प्रदेश के पुलिस नियंत्रण कक्ष को आधुनिकतम बनाए जाने की दिशा में काम चल रहा है।