जलगांव पोषण आहार घोटाले की जांच करने पहुंची टीम ,150 लोगों की हुई जांच

 13 Dec 2016  739


जलगांव जिला परिषद के शालेय पोषण आहार योजना में हुए घोटाले की जांच करने के लिए सरकार द्वारा गठित टीम मुंबई से जलगांव पहुंची और वह 150 लोगों की जांच पड़ताल कर रिपोर्ट तैयार कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार जलगांव जिला परिषद के शालेय पोषण आहार योजना में घोटाले की बू आने के बाद चहुंओर से इसकी जांच पड़ताल करने की मांग उठने लगी। तत्कालीन मंत्री एकनाथ खड़से और जिला परिषद सदस्य और पदाधिकारियों ने भी शालेय पोषण आहार योजना में घोटाले की बात को गंभीरता से लिया था। अंततोगत्वा राज्य सरकार ने इस घोटाले की जांच पड़ताल के लिए पांच सदस्यों की समिति गठित करके जांच करने के लिए जलगांव जाने का निर्देश दिया था। इस समिति में मुंबई मनपा के शिक्षणाधिकारी महेश पालकर,पुणे जिला परिषद के लेखाधिकारी धुमाल, प्राथमिक शिक्षण संचालनालय के सांख्यिकी अधिकारी संकपाल व अधीक्षक अपर्णा शेलकर का समावेश है। उक्त समिति ने जलगांव पहुंचकर पालधी स्थित साईं कंपनी के गोदाम में पोषण आहार की जांच की। समिति ने जिले के केंद्र प्रमुख,शिक्षण विस्तार अधिकारी,मुख्याध्यापक, विस्तार अधिकारी,गुट शिक्षणाधिकारी, अधीक्षकों समेत 150 लोगों से पूछताछ की है। समिति ने पोषण आहार घोटाले को लेकर एक रिपोर्ट बनाई है। अब सरकार के सामने इस रिपोर्ट को समिति द्वारो पेश किया जाएगा तब घोटाले पर कार्रवाई की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।