नागपुर विधानभवन में वाहनों की एंट्री बंद
09 Dec 2016
986
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
नागपुर में सोमवार से शुरू हो रहे शीतकालीन सत्र में आतंकियों व नक्सलियों के हमले को देखते हुए विधानभवन में वाहनों को इंट्री नहीं देने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति, उप सभापति, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के वाहनों को नागपुर विधानभवन में इंट्री नहीं मिलेगी। साथ ही यहां पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गौरतलब है कि विधानभवन में शीतकालीन अधिवेशन के दौरान सरकार ने वाहनों की इंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस प्रतिबंध आतंकी व नक्सली हमले होने की संभावना के चलते लगाया गया है। अधिवेशन में जहां मंत्रियों व सदस्यों के वाहनों की इंट्री पर रोक लगाई गई है, अधिवेशन की कालावधि के दौरान मंत्री के निजी सचिव, विशेष कार्यकारी अधिकारी, निजी सहायक व कर्मचारी के साथ सदस्यों को एक अधिकृत स्वीय सहायक को पहचान पत्र के साथ प्रवेश दिया जाएगा। अधिवेशन के दौरान संगठनों द्वारा मोर्चा निकाला जाता है। इन संगठनों के प्रतिनिधिमंडल को भी मंत्रियों से विधानभवन में मिलने देने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों को यदि मंत्रियों से मिलकर विभागीय जानकारी हासिल करना है तो वे उनके दालान में नहीं निवास स्थान पर मिलें। इस आशय की जानकारी विधानपरिषद के उपसभापति माणिकराव ठाकरे ने एक प्रेस कांफ्रेंस में दी है। ठाकरे ने जानकारी देते हुए कहा है कि आतंकियों व नक्सलियों के हमले की कोई चेतावनी नहीं है, बावजूद इसके सुरक्षा के दृष्टिकोण के चलते इस आशय का निर्णय लिया गया है।