ट्रक की टक्कर से दो पुलिस जवान घायल

 05 Dec 2016  973
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो बीट मार्शल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, उन्हें इलाज के लिए सेवन हिल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों बीट मार्शल नाइट ड्यूटी के दौरान गश्त पर थे। रात तकरीबन तीन बजे के आसपास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में दोनों पुलिस जवान आ गए। दुर्घटनाग्रस्त पुलिस जवानों को वैसे ही छोड़कर ट्रक चालक फरार हो गया। हालांकि घटना की जानकारी होते ही चारों ओर नाकाबंदी कर दी गई और बांद्रा पुलिस ने ट्रक चालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। दोनों बीट मार्शल किस पुलिस थाने से हैं, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है। बांद्रा पुलिस थाना मामले की जांच पड़ताल कर रहा है।