आम लोगों को आरबीआई ने दी राहत
04 Dec 2016
986
अब चेक के जरिए 24 हजार तक की नगदी निकाल सकेंगे लोग
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
नोटबंदी के फैसले के बाद नकदी की समस्या से जूझ रहे लोगों को आरबीआई ने राहत देते हुए बैंकों से निकासी की सीमा बढ़ा दी है। अब लोग हफ्ते में बैंकों से चेक के जरिये अधिकतम निर्धारित सीमा 24,000 रुपये से भी ज्यादा निकाल सकेंगे। हालांकि 24,000 रुपये से अधिक की निकासी पर लोगों को 2000 और 500 के ही नोट मिलेंगे। गौरतलब है कि 8 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 500 व 1000 रुपये के नोटों को चलन से बाहर करने का ऐलान कर दिया था जिसके बाद लोग पुराने नोटों को बैंकों में जमा कराने में लगे हुए हैं। आरबीआई ने इस बीच बैंकों में जमा कराए और बदले गए पुराने नोटों का आंकड़ा जारी किया है जिसके मुताबिक 10 नवंबर से 27 नवंबर के बीच देशभर में लोगों ने 8 लाख 45 हजार करोड़ रुपये जमा कराए या पुराने नोट बदले हैं। आरबीआई ने 24,000 रुपये से अधिक की निकासी का आदेश तो जारी कर दिया है, लेकिन 24 हजार से ज्यादा निकालने की बाबत एक शर्त लगा दी है। आरबीआई के मुताबिक उसी रकम की निकासी की जा सकेगी जो 29 नवंबर के बाद खाते में जमा की गई हो, यानी 29 नवंबर से पहले जमा रकम पर निकासी की छूट नहीं मिलेगी क्योंकि कई ऐसे खाते हैं जिनकी जांच चल रही है। नोटबंदी के बाद एक हफ्ते में अधिकतम निकासी की सीमा 24 हजार रुपये तय कर दी गई थी, जिसे अब बढा दिया गया है। आरबीआई ने यह भी स्पष्ट कर दिया है अब नकदी की कोई कमी नहीं है। बैंकों को पूरी रकम मुहैया कराई जा रही है। आरबीआई रोज निकासी के नियम में बदलाव ला रही है, इसके बावजूद बैंकों में कतारें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं।