वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
महाराष्ट्र के नगर परिषद व नगर पंचायत के चुनाव में भाजपा को मिली सफलता पर आक्षेत लगाते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा है कि यह नोटबंदी नहीं पुराने नोटों की विजय है। नगर परिषद के चुनाव परिणाम आने के बाद चर्चा है कि यह चुनाव नोटंबदी की वजह से भाजपा ने जीता है, इसलिए नोटबंदी के चलते जनता का भाजपा को समर्थन मिल रहा है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 147 नगरपरिषदों के लिए रविवार को मतदान हुआ, जिसका परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। इसमें भाजपा को 53 सीटें मिली हैं। भाजपा को अपेक्षाकृत ज्यादा सीट मिलने पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने टिप्पणी व्यक्त करते हुए कहा है कि यह नोटबंदी नहीं पुराने नोटों की विजय है। उल्लेखनीय तथ्य तो यह है कि मनसे को जनता ने नकार दिया है। मनसे के केवल 12 नगरसेवक ही चुनाव जीत पाए हैं। मनसे से ज्यादा सीट एमआईएम को मिली है, उसके 40 से ज्यादा नगरसेवक चुनाव जीते हैं।