सीएम को चेताया था मोदी ने

 04 Dec 2016  782
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

महाराष्ट्र में नगरपरिषदों के चुनाव में भाजपा को अपेक्षाकृत ज्यादा सफलता मिली है। ऐसे में चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बुलाकर स्पष्ट रूप से चेतावनी दे दी थी कि जो मंत्री चुनाव में अच्छा काम नहीं करेगा, उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। मोदी की यह चेतावनी काम आई और मंत्रियों ने जी तोड़ मेहनत करके नगरपरिषद के चुनावों में भाजपा का झंडा लहराया। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 147 नगरपरिषदों का चुनाव रविवार को हुआ था और सोमवार को मतदान का परिणाम आ गया। इसमें भाजपा को अपेक्षाकृत ज्यादा सफलता मिली, इसमें मंत्रियों की मेहनत रंग लाने की बात कही जा रही है। इस बारे में बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दिल्ली बुलाकर स्पष्ट रुप से चेतावनी दे दी थी कि जिस मंत्री का काम नहीं दिखेगा, उसे मंत्रिमंडल से निकाल बाहर कर दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों के साथ बैठक करके प्रधानमंत्री की बातों से अवगत कराया था। इसके बाद संबंधित जिलों के मंत्रियों ने अपने-अपने जिलों में अथक मेहनत की और भाजपा का परचम लहराया। कहा जा रहा है कि पहले चरण में ही भाजपा को हार का सामना करना पडता तो इसका इशारा, नोटबंदी की ओर होता। पर ऐसा हुआ नहीं और भाजपा ने महाराष्ट्र में पहले चरण को सफलतापूर्वक पार कर लिया है।