बीएमसी को लगा 572 करोड़ का चूना

 29 Nov 2016  724
वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 

मुंबई महानगर में सड़कों को गडढामुक्त बनाने के लिए मनपा प्रशासन द्वारा 16 ठेकेदारों को ठेका दिया गया था और इसके लिए करोड़ों की राशि निर्धारित की गई थी। पर ठेकेदारों ने 572 करोड़ का चूना मनपा प्रशासन को लगा दिया और मालामाल हो गए। इस तरह की जानकारी सामने आने के बाद मनपा ने उच्चस्तरीय समिति का गठन करके मामले की जांच का आदेश दिया था। समिति इस निर्णय पर पहुंची है कि ठेकेदारों ने मनपा के साथ धोखा किया है। गौरतलब है कि मुंबई की सड़कों पर पड़े गड्ढों को भरने के लिए मनपा प्रशासन ने 16 ठेकेदारों को ठेका दिया, पर ठेकेदारों ने अपने काम में लापरवाही बरतते हुए व अधिकारियों से सांठगांठ करके मुंबई मनपा को 572 करोड़ का चूना लगा दिया। भ्रष्टाचार का खुलासा होने के बाद मनपा प्रशासन जहां दिए गए पैसों को वसूलने की तैयारी कर रही है, वहीं 16 ठेकेदारों में से 6 ठेकेदारों के विरोध में पहले ही मामला दर्ज करवाया गया है। मनपा प्रशासन का कहना है कि पांच रास्तों का निरीक्षण करने के बाद ठेकेदारों का दोष सामने आया है। इसके बाद और 217 रास्तों की जांच करवाई गई। ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाई गई। जांच समिति लगातार दस महीने तक जांच करती रही और अंततोगत्वा इस निर्णय पर पहुंची कि ठेकेदारों ने मनपा को 572 करोड़ का चूना लगाया है।