वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
बैंकों में नोटों को बदलने की शुरुआत गुरुवार की सुबह से ही बैंक के खुलते ही हो गई है। बैंकों में नोटों को बदलने के लिए ऐसी कतारें लगी हैं कि लोगों को रॉशन की दुकानें याद आ जा रही हैं। लोग अपने-अपने कार्यालयों से छुटिटयां लेकर अपने पास रखे हुए 500 व 1000 रुपए के नोटों को बदलवाने के लिए लाइन लगाए हुए हैं। 24 नवम्बर तक एक समय में 4 हजार रुपए ही बदले जा सकते हैं। हालांकि अधिकांश लोग रुपयों को अपने अपने खातों में जमा करवा रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत मंगलवार, 8 नवम्बर की रात से 500 व 1000 रुपए के नोटों के चलन पर पाबंदी लगा दी है। नोटों के चलन पर पाबंदी लगने की खबर के बाद अधिकांशत: लोगों में बेचैनी देखी जा रही है। बड़े नोटों की चलन पर पाबंदी लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा तो बाजार में शांति छायी रही। कुछेक लोग जहां चाय-नाश्ता करने को तरस गए, वहीं धार्मिक स्थलों पर गए लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।