लालबाग उडान पुल में दरार, मार्ग परिवर्तित

 15 Nov 2016  983

वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई

लालबाग के उडान पुल के गार्डर में दरार पड़ने के कारण यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई है। इससे इस मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मुंबई पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे उडान पुल के बंद होने व उसके मरम्मतीकरण का कार्य पूरा होने तक दूसरे मार्ग का उपयोग करें।


मुंबई पुलिस के अनुसार लालबाग उडान पुल में मुक्ता सिनेमा के समीप कुछ हिस्सों में दरार पड़ गई है। इस दरार के कारण यातायात को दूसरे मार्गो पर मोड़ दिया गया है। मुंबई पुलिस ने नागरिकों व वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा है कि उनको परेशानी का सामना न करना पड़े इसलिए वे पी डिमेलो रोड, पेडर रोड, फाइव गार्डन रोड, दादर टीटी या फ्री वे का प्रयोग करें। उल्लेखनीय है कि जे कुमार कंपनी ने एमएमआरडीए के सहयोग से उडान पुल का निर्माण किया था। मनपा ने इस पुल के मरम्मतीकरण का कार्य शुरु कर दिया है।