मोदी के मास्टर स्ट्रोक पर शिवसेना को संशय

 15 Nov 2016  834

वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 500 व 1000 रुपए के नोटों के चलन पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद उस पर टिप्पणी करते हुए शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा है कि क्या मोदी का दूसरा सर्जिकल स्ट्राइक सफल होगा? शिवसेना ने इस पर संशय व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि मोदी सरकार ने 500 व 1000 रुपए के नोटों के चलन पर मंगलवार, 08 नवंबर की रात 12 बजे के बाद ही पाबंदी लगा दी थी। इस पाबंदी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस पर शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में केंद्र सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर के मददेनजर पाकिस्तान में की गई सर्जिकल स्ट्राइक का प्रभाव पड़ना अपेक्षित था, पर कुछ खास नहीं हुआ। अब नोटों के मामले को लेकर की गई दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक कितना सफल होती है, यह तो समय ही बताएगा। वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर मोदी के कालाधन पर सर्जिकल स्ट्राइक की प्रशंसा की जा रही है। शिवसेना ने इस पर संशय व्यक्त करते हुए सरकार की खिंचाई की है। शिवसेना ने आगे लिखा है कि पाकिस्तान के विरोध में की गई सर्जिकल स्ट्राइक का व्यापक असर पड़ेगा, ऐसा कहा जा रहा था। पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलीबारी के चलते प्रतिदिन जिस तरह की घटनाएं घटित हो रही हैं, उससे नहीं लगता कि पाकिस्तान पर कोई बुरा असर पड़ा है। अब 500 व 1000 के नोटों को बंद करके दूसरे नोटों को बाजार में लाने से कालाधन और भ्रष्टाचार पर कितना असर पड़ेगा, यह तो आने वाला समय बताएगा।