वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ठ कार्य करते हुए राज्य का नाम रौशन करने वाले आठ खिलाडिय़ों को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सीधे सरकारी नौकरी दिए जाने की मंजूरी दी है। सोमवार को मिली मंजूरी के बाद इन खिलाडियों को जल्द विभिन्न विभागों में नियुक्त किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, राज्य के मुख्य सचिव स्वाधीन क्षत्रिय की अध्यक्षता में राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय खेलों में बेहतरीन काम करने वाले खिलाडियों की सूची बनाने का काम मुख्यमंत्री ने सौंपा था। मुख्य सचिव ने धावक कविता राउत, पहलवान संदीप यादव, तलवारबाज अजिंक्य दुधारे, तीरंदाज नीतू इंगोले , वेटलिफ्टर नितिन ओतारी , निशानेबाज पूजा घाटकर व कबड्डी खिलाड़ी किशोरी शिंदे को सरकारी नौकरी दिए जाने का प्रस्ताव बनाया था। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया, जिसे इस सोमवार को मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी। इस प्रस्ताव को क्रीड़ा मंत्री विनोद तावड़े पहले ही मंजूरी दे चुके थे। राज्य सरकार की ओर से कविता राऊत को आदिवासी विभाग में, संदीप यादव, अजिंक्य दुधारे व नीतू इंगोले को क्रीड़ा विभाग में,ओंकार ओतारी व नितीन मदने को राजस्व विभाग में, पूजा घाटकर को विक्रीकर विभाग में तथा किशोरी शिंदे को नगरविकास विभाग में नियुक्त किया जाएगा।