वरिष्ठ संवाददाता, मुंबई
भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री जयबंती बेन मेहता का सोमवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष की थीं और बीमार चल रही थीं। सोमवार शाम को ही उनका अंतिम संस्कार दादर स्थित शिवाजी मैदान श्मशान गृह में किया गया।
श्रीमती जयवंती बेन मेहता का नाम भाजपा की पहली पंक्ति के नेताओं में लिया जाता है। उन्होंने भाजपा के सांगठनिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान किया। श्री अटलबिहारी वाजपेई के प्रधानमंत्रित्व काल में उन्हें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी,जिसे उन्होंने बखूबी निभाया था। उनके अंदर कभी भी किसी के प्रति कलुषित भावना नहीं रहती थी, न ही उन्होंने कभी अपने पराए की राजनीति की। जयवंती बेन मेहता के निधन पर देश भर से शोक संदेश आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित पक्ष विपक्ष की ओर से जयवंती बेन मेंहता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की गई है।