मुंबईकरों को साल 2040 तक पर्याप्त पानी मिलने की संभावना
08 Nov 2015
1858
बीएमसी ने आगामी दस सालों में चार झीलों को बनाने का लिया हैं निर्णय
मुंबई में पानी की समस्या और बढ़ती हुई जनसंख्या को देखते हुए बीएमसी ने आगामी दस सालों में करीब चार झीलों को बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत साल 2040 तक मुंबईकरों को पर्याप्त पानी मिलने की संभावना जताई जा सकती है। योजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबईकरों को इन चार झीलों से करीब 2891 एमएलडी पानी सप्लाई हो सकती है। फिलहाल मुंबई को मोडक सागर, तानसा, विहार, तुलसी, मध्य वैतरणा, भातसा और अप्पर वैतरणा इन झीलों में से प्रतिदिन 3750 एमएलडी पानी सप्लाई की जाती है, जबकि मुंबईकरों को प्रतिदिन 4 हजार 250 एमएलडी पानी की बेहद जरूरत है।
-----साल 2017 में शुरू की जाएगी योजना
बीएमसी जलआपूर्ति विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल मुंबई में जनसंख्या के आधार पर बीएमसी द्वारा पानी सप्लाई करना बेहद मुश्किल है। इसलिए बीएमसी द्वारा नए झीलों को बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास भेजा गया है। इसके तहत इस योजना को अमली जामा पहनाने की शुरूआत साल 2017 में हो सकती है, और साल 2025 तक योजना पूरी होने की संभावना जताई जा सकती है।
----झीलों का ऐसा होगा विस्तार
बीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीएमसी द्वारा गारगाई, दमनगंगा और पिंजाल योजना के बाद और एक और झील बनाई जाएगी। इसके तहत पिंजाल झील से गुंदवली तक करीब 64 किमी लंबाई वाला टनल बनाया जाएगा। करीब 2 हजार 55 हेक्टर परिसर में पिंजाल योजना का विस्तार 14 हजार 390 करोड़ रुपये खर्च करके किया जाएगा। गारगाई और मोडक सागर के बीच करीब ढ़ाई किलोमीटर लंबाई का टनल बनाने की इस योजना पर करीब 1 हजार 820 करोड़ रुपये खर्च किए जाएगे। हालांकि यह योजना राष्ट्रीय जलविकास प्राधिकरण(नॅशनल वॉटर डेव्हलपमेंट ऑथॉरिटी)और बीएमसी के समन्वय से पूरा किया जाएगा।
-----नदी को जोड़कर बनाई जाएगी दो झीले
बीएमसी सूत्रों के मुताबिक, बीएमसी द्वारा दमनगंगा और पिंजाल नदी को जोडकर दो झीले बनाने की योजना की जा रही है। इसके तहत नाशिक जिले के त्र्यंबक तालुका के भुगड गांव के पास दमनगंगा नदी पर 851.50 मीटर लंबाई वाला झील और पालघर जिले के बेहाडपाडा गांव के पास स्थित वाघा नदी पर 618.20 मीटर लंबाई वाला खारगीहिल झील बनाया जाएगा। इस नदीजोड योजना के तहत भुगड झील से खारगीहिल झील तक 17.50 किलोमीटर का टनल और खारगीहिल से पिंजाल झील तक 25.25 किलोमीटर का टनल बनाया जाएगा। इस नदी जोड योजना को राष्ट्रीय योजना घोषित की जाए। इसके लिए बीएमसी द्वारा संबंधित प्रस्ताव फिलहाल केंद्र सरकार के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है।
-----योजना पूरा होने के बाद इतना मिलेगा पानी
गारगाई- 440 एमएलडी पानी।
पिंजाल- 865 एमएलडी पानी।
दमनगंगा-पिंजाल जोड योजना के तहत तैयार होने वाले दो झीलों से 1586 एमएलडी पानी।
कुल- 2891 एमएलडी पानी
----कोट
फिलहाल बीएमसी द्वारा प्रस्तावित चारों झीलों का अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्र सरकार के पर्यावरण विभाग के पास प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भेजा गया है। उम्मीद है इन झीलों को बनाने का काम नियोजित समय पर ही पूरा होगा। इस कारण भविष्य में मुंबईकरों को पर्याप्त पानी मिलने की संभावना जताई जा सकती है। (रमेश बांबले, मुख्य जलअभियंता, बीएमसी)