मुंबई के स्लम को चमकाने की तैयारी में बीएमसी
08 Nov 2015
1140
सबसे पहले ट्रांबे, गोवंडी में किया जाएगा पायलट प्रॉजेक्ट शुरू
टॉइलेटस, रास्ते, ड्रेनेज सिस्टम, पानी सप्लाई व्यवस्था, रिक्त जमीनों का विकास इत्यादि एक ही पध्दती से करके मुंबई के सारे झोपड़पट्टियों को चमकाने का निर्णय बीएमसी प्रशासन ने ले लिया है। इसके तहत बीएमसी की ओर से पहला पायलट प्रॉजेक्ट ट्रांबे, गोवंडी में जल्दी ही शुरू किया जाएगा। इस योजना में सफलता मिलने के बाद बीएमसी ने जल्द गति से मुंबई के सारे झोपडपट्टियों का विकास करने की तैयारी कर ली है।
बीएमसी के गटनेता रईस शेख ने बताया कि मुंबई में करीब 60 से 65 पर्सेंट की आबादी झोपडपट्टियों में रहती है। इसके तहत इन्हें सारी सुविधाएं बीएमसी की ओर से दी जाती है। इसके लिए हर साल के आर्थिक बजट में करीब 150 से 200 करोड़ रुपये की राशि का प्रबंध किया जाता है। परंतु झोपडपट्टियों में विकास की योजना को अमली जामा पहनाने के लिए एकत्रित रूप से नियोजन करने की पध्दती बीएमसी में इससे पहले कभी नहीं थी। इसके चलते हर साल करोड़ों रुपये की निधी खर्च होने के बावजूद संबंधित भागों में ढंग से विकास कार्य पूरा नहीं हो पाता था। इस कारणवश स्थायी समिति के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल शेवाले और मैंने (रईस शेख ने) बीएमसी को बारी- बारी से एक- एक वार्ड का विकास कार्य करके योजना को अमली जामा पहनाने का सूझाव दिया था। इसके तहत बीएमसी प्रशासन ने सबसे पहले गोवंडी व ट्रांबे इन दोनों भागों का प्रायोगिक तत्व पर विकास करने का फैसला किया है। इसके तहत वॉर्ड क्रमांक 134 ट्रांबे महाराष्ट्र नगर और वॉर्ड क्रमांक 132 गोवंडी कमला रामन नगर में इस योजना को सबसे पहले जल्द ही शुरू किया जाएगा। महाराष्ट्र नगर के लिए सात करोड़ रुपये की राशि का प्रबंध किया गया है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही कमला रामन नगर के लिए नौ करोड़ रुपये की राशि का इंतजाम किया गया है।