बीएमसी के शिक्षण विभाग ने मंगलवार को 2944 करोड़ रूपये का बजट किया पेश
04 Feb 2020
501
मुंबई, (04 फरवरी 2020)- मुंबई महानगरपालिका के शिक्षण विभाग ने मंगलवार को 2944.59 करोड़ का बजट पेश किया। जिसमें छात्रों की पढ़ाई, हेल्थ, सुविधा और स्कूलों की मरम्मत पर जोर दिया गया हैं। शिक्षा बजट में इस बार कई नई योजनाएं शुरू हो रही हैं। कुछ छोटी योजनाओं का भी एलान किया गया है, लेकिन बड़ी ठोस योजना का आभाव है। हालांकि इस बार के बजट में पिछली बार से 211 करोड़ रुपये अधिक के प्रावधान किए गए हैं, लेकिन इसका ज्यादातर हिस्सा प्रशासनिक काम में खर्च होगा। कुछ नई योजनाओं के तहत प्रयोग के तौर पर वुलेन मिल महानगरपालिका में आईसीएसी स्कूल की शुरुआत की जाएगी, जबकि पूनम नगर में सीबीएससी स्कूल की शुरुआत की जाएगी। स्कूल में वॉटर बेल योजना शुरू की जाएगी, जिसके आधार पर स्कूल बेल के जरिये छात्रों को पानी पीने के बारे में याद दिलाया जाएगा। अमूमन बच्चे लंबे वक्त तक क्लास में बैठे रहते हैं, और पानी नहीं पीते हैं। इससे अक्सर उनमें डीहाइड्रेशन की शिकायत देखी गई है। इसके अलावा 80 फीसदी से ज्यादा हाजिरी पर 200 रुपये अलग से दिए जाएंगे। साल 2020 में 4963 छात्रों को यह रकम दी जाएगी। छात्र बीमार ना हों, इसलिए स्कूल में हैंड सैनिटाइजर दिया जाएगा।