सुधारित डिवेलपमेंट प्लान 16 फरवरी को जनहित में होगा जारी

 29 Oct 2015  1070
मुंबई : बीएमसी प्रशासन द्वारा साल 2014 से 2034 तक के लिए बनाया जा रहा सुधारित डिवेलपमेंट प्लान आगामी 16 फरवरी 2016 तक जनहित में जारी की जाएगी। बीएमसी ने 16 फरवरी तक सुधारित  डिवेलपमेंट प्लान लोगों के बीच जारी करके उसपर 17 फरवरी से नागरिकों द्वारा आपत्तियां और सुझाव को मंगाने का निर्णय लिया हैं। शुक्रवार को बीएमसी कमिश्नर अजय मेहता ने बताया कि पिछली बार डिवेलपमेंट प्लान को जनहित में जारी किया गया था, तब उसमें हजारों गलतियां पाई गई थी। पिछले डिवेलपमेंट प्लान में हजारों गलतियां मौजूद होने के कारण राज्य सरकार द्वारा नया डिवेलपमेंट प्लान बनाने का आदेश दिया गया था। राज्य सरकार के आदेशानुसार आगामी 16 फरवरी 2016 तक सुधारित डिवेलपमेंट प्लान जनहित में जारी किया जाएगा। 
‘चार चरणों में बनाया जा रहा हैं सुधारित डीपी’
बीएमसी कमिश्नर अजय मेहता ने बताया कि बीएमसी द्वारा सुधारित डिवेपलमेंट प्लान चार चरणों में बनाया जा रहा है, जिसमें पहले चरण यानि कि पुरानी डिवेपलमेंट प्लान में मौजूद गलतियों को सुधारने का काम पूरा हो गया है। पुरानी डिवेपलमेंट प्लान के विरोध में नागरिकों द्वारा भेजे गए कुल 8855 आपत्तियां बीएमसी को मिली हैं। हालांकि बीएमसी ने 1600 से 1700 गलतियों को सुधारकर डिवेलपमेंट प्लान को अब बीएमसी की वेबसाइट पर डाल दिया है,ताकि नागरिकों द्वारा अभी से आपत्तियों और सुझावों को दर्ज किया जा सकें। कमिश्नर मेहता ने आगे बताया कि पुराने डिवेपलमेंट प्लान में एल्फिंस्टन कॉलेज को पुलिस रेजिडेंट दिखाया गया था। इसके साथ ही जेजे स्कूल ऑफ आर्टस को घोड़े का दवाखाना दिखाया गया था। इन गलतियों को सुधारकर नया सुधारित डिवेलपमेंट प्लान बनाया गया है। 
‘20 दिनों में दूसरे चरण का काम होगा पूरा’
कमिश्नर मेहता ने बताया कि सुधारित डिवेपलमेंट प्लान के दूसरे चरण का कार्य आने वाले 15-20 दिनों में पूरा होगा। दूसरे चरण में रास्तों के आरक्षण में की गई गलतियों को सुधारने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही तीसरा चरण डिवेलपमेंट कंट्रोल रूल्स(डीसीआर) और चौथे चरण में आरक्षण से संबंधित गलतियों को सुधारा जाएगा। बता दें कि बीएमसी द्वारा मुंबई के विकास को ध्यान में रखते हुए 20 सालों के लिए डिवेलपमेंट प्लान बनाया जा रहा है।