लोकसभा चुनाव 2019- दक्षिण मुंबई लोकसभा चुनाव क्षेत्र में देवड़ा और सावंत के बीच होगी कांटे की टक्कर

 07 Apr 2019  586

मुंबई, (07 अप्रैल 2019)- दक्षिण मुंबई लोकसभा चुनाव क्षेत्र उद्योगपतियों की नजर से बहुत खास है। यहीं से देश की अर्थ व्यवस्था का मीटर चलता है। इसलिए यहां से ऐसे सांसद की जरूरत पड़ती है, जो कारोबारियों और व्यापार के मसले संसद में उठा सके। यह ऐसा मतदान क्षेत्र है, जहां रोजाना करीब दो करोड़ लोग नौकरी-धंधा करने के लिए रोज आते हैं। ट्रैफिक जाम से बेहाल इसस क्षेत्र में मेट्रो का काम रहा है। कोस्टल रोड और ट्रांस-हार्बर जैसी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। छत्रपति शिवाजी स्मारक बनाने के बाद इस क्षेत्र को नई पहचान मिल सकेगी। पुरानी इमारतों का पुर्नविकास, सीआरजेड से राहत, बीपीटी का डिवेलपमेंट, मझगांव मछलीमार केंद्र का विकास जैसे अन्य मुद्दे हैं। पर्यटन को बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। इस साल 2019 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना के मौजूदा सांसद अरविंद सावंत और कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा के बीच कांटे टक्कर होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि यहां के रहिवासियों का कहना है कि दोनों ही उम्मीदवार आम जनता की पहुंच से दूर हैं, जिसके चलते इस क्षेत्र की तस्वीर जस की तस बनी हुई है। हालांकि राजनीतिक जानकार ने भी यहां के नागरिकों की बात से इत्तफाक रखते हुए कहा कि पिछले पांच साल में अरविंद सावंत ने मतदान क्षेत्र की तस्वीर तो नहीं बदली। दिल्ली के राजनीतिक अखाड़े में भी सांवत अपनी कोई पहचान नहीं बना सके। पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने अपनी सांसद निधि में से नौ करोड़ रुपये निर्माण कार्य पर, करीब पौने चार करोड़ रुपये ड्रेनेज लाइन पर, साढ़े तीन करोड़ रुपये शौचालय बनाने पर, तीन करोड़ रुपये सड़क मार्ग, ढ़ाई करोड़ रुपये जल आपूर्ति पर खर्च किए हैं। संसद में उनकी उपस्थित देश के औसत से 18 प्रतिशत ज्यादा है। सदन की कार्यवाही में 526 दिन में से 515 दिन उपस्थित रहे हैं और 264 विविध मुद्दों पर हुए चर्चा में भाग लिया। सदन में 430 प्रश्न पूछे जिसमें जिसमें रेलवे, वित्त, कृषि व किसान, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, मानव संसाधन से संबंधित सवाल थे।

►लोकसभा क्षेत्र का इतिहास और राजनीतिक गणित

दक्षिण मुंबई लोकसभा चुनाव के पहले सांसद कांग्रेस के सदाशिव कानोजी पाटील हुए। इस लोकसभा पर कांग्रेस के देवरा परिवार की हमेशा विशेष छाप रही है। मुरली देवड़ा 1984, 1989, 1991, 1998 में सांसद चुने गए। 1996 और 1999 में भाजपा की जयवंतीबेन सांसद चुनी गई। सन 2004 और 2009 का लोकसभा चुनाव मिलिंद देवड़ा लगातार जीते, लेकिन 2014 के चुनाव में मिलिंद को एक यूनियन लीडर शिवसेना के अरविंद सावंत ने एक लाख 28 हजार 564 मतों के अंतर से पराजित कर दिया। उस हार को मिलिंद पचा नहीं सके। हार के बाद मिलिंद आम मतदाताओं की पहुंच से दूर चले गए। अब मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का फायदा मिलिंद को मिल सकता है। पिछले पांच साल में अरविंद सावंत अपनी कोई विशेष छाप छोड़ने में सफल नहीं हुए, लेकिन मिलिंद की गैरहाजिर फायदा अरविंद सावंत को मिल सकता है। वैसे इस क्षेत्र के व्यापारियों और उद्योगपतियों की पहली पसंद मिलिंद है, लेकिन मोदी का जादू यहां के गुजराती-राजस्थानी वोटरों पर अब भी है। लोकसभा चुनाव के बाद हुए विधानसभा और नगरसेवकों के चुनाव में जहां शिवसेना और भाजपा ने अपनी मजबूत उपस्थित दर्ज कराई, वहीं कांग्रेस लोगों की पहुंच से दूर हो गई। लोकसभा चुनावों के सात महीने बाद हुए विधानसभा चुनावों में वर्ली और शिवडी विधानसभा पर शिवसेना ने जीत हासिल की, जबकि मलबारहिल और कोलाबा विधानसभा पर भाजपा ने कब्जा जमाया। मुस्लिम बहुल भायखला पर एमआईएम ने जीत दर्ज की। मुंबादेवी विधानसभा से कांग्रेस के अमीन पटेल फिर जीते। यानी शिवसेना-भाजपा के चार और कांग्रेस का एक ही विधायक है। विधानसभा चुनाव के बाद सन 2017 में हुए नगरसेवकों के चुनाव में भी शिवसेना-भाजपा ने जीत का झंडा बुलंद किया, जबकि विधानसभा और नगसेवक का चुनाव सभी दलों ने अलग-अलग लड़ा था। दक्षिण मुंबई लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 32 नगसेवक हैं जिसमें शिवसेना के 14 और भाजपा के 10 नगरसेवक जीते, वहीं कांग्रेस ने पांच, मनसे, एमआईएम और एबीएस के एक-एक नगरसेवकों ने जीत हासिल की। लोकसभा के बाद विधानसभा और नगरसेवकों के हुए चुनाव में आंकड़े शिवसेना के सावंत के लिए शुभ हैं जबकि कांग्रेस की डगर में कांटे ही कांटे बिखरे दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है कि मुंबई का यह एकलौता लोकसभा क्षेत्र है, जहां  मतदाता बढ़े है, मुंबई की छह में से पांच लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या तेजी से घटी से है, जबकि दक्षिण मुंबई एकमात्र लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं जहां मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। सन 2014 की तुलना में 31 जनवरी 2019 तक 46,090 मतदाता बढ़े हैं। पिछले लोकसभा में 14 लाख 85 हजार 356 मतदाता थे और इस साल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 15 लाख 31 हजार 446 हो चला है।

►2014 के लोकसभा के चुनाव नतीजे

उम्मीदवार                 पार्टी                  वोट

अरविंद सावंत            शिवसेना         3,74,609

मिलिंद देवरा             कांग्रेस             2,46,045

बाला नांदगावकर        मनसे               84,773

मीरा सन्याल              आप                 40,298

►लोकसभा चुनाव क्षेत्र में विधायक

विधानसभा                पार्टी           विधायक

वरली                     शिवसेना        सुनील शिंदे

शिवडी                   शिवसेना        अजय चौधरी

भायखला              एमआईएम       वारिस पठान

मलबार हिल             भाजपा        मंगल प्रभात लोढा

मुंबादेवी                   कांग्रेस             अमीन पटेल

कोलाबा                   भाजपा            राज के. पुरोहित