लोकसभा चुनाव 2019- मुंबई उत्तर मध्य सीट पर होगा कड़ा मुकाबला

 06 Apr 2019  530

►प्रिया दत्त और पूनम महाजन में से कौन मारेगा बाजी

मुंबई, (06 अप्रैल 2019)- मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से एक बार फिर कांग्रेस उम्मीदवार प्रिया दत्त और भाजपा की पूनम महाजन चुनाव मैदान में आमने-सामने होंगी। मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट के अंतर्गत बांद्रा और कुर्ला जैसे इलाके आते हैं। 2014 के आम चुनाव में महाजन ने प्रिया दत्त को शिकस्त दी थी। दो बार से सांसद रहीं प्रिया दत्त को महाजन ने 1.8 लाख मतों के अंतर से हराया था। प्रिया दत्त अभिनेता से नेता बने सुनील दत्त की बेटी हैं जबकि महाजन दिवंगत प्रमोद महाजन की बेटी हैं। सुनील दत्त इस सीट से पांच बार सांसद रह चुके हैं। प्रमोद महाजन भाजपा के अग्रणी रणनीतिकार थे और शहर की उत्तर पूर्व सीट से पूर्व सांसद थे। गौरतलब है कि बीजेपी की सांसद पूनम महाजन ने पिछले पांच साल में करीब 20 करोड़ रुपये का विकास कार्य मतदान क्षेत्र में कराया है। संसद में उनकी हाजिरी 79 प्रतिशत ही रहा। पांच साल के कार्यकाल में पूनम ने सदन में 445 सवाल उठाए जबकि नौ प्राइवेट बिल रखा। उन्होंने 30 विविध मुद्दों पर अपने विचार रखे जिसमें दफ्तर में काम करने वाली महिलाओं के साथ होने वाले लैंगिक शोषण, मजदूरों के लिए निधि और उनकी विविध योजनाओं, नो फ्लाई जोन में ड्रोन के उड़ान, मुंबई की झुगी-झोपड़पट्टी के अलावा अन्य समस्याओं को लेकर संसद में आवाज बुलंद की। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में कुल मतदान 48.66% था जिसमें मतदाताओं की संख्या तक़रीबन 8.5 लाख थी। इस लोकसभा सीट पर 25 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान है जिसमें से तक़रीबन 22 करोड़ का फंड र‍िलीज हो चुका है। 2009 में पूनम महाजन की संपत्त‍ि 23 करोड़ थी जो कि 2014 में बढ़कर 108 करोड़ रुपये हो गई है। 

►प्रिया पूनम को कड़ी टक्कर देने के लिए किन्नर स्नेहा काले ने भी भरा नामांकन

मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा सीट से प्रिया और पूनम को टक्कर देने के लिए किन्नर स्नेहा काले ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन  हाल ही में भरा। इसलिए इस लोकसभा सीट पर जोरदार त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही हैं। गौरतलब है कि इस क्षेत्र में 40 से 50 हजार किन्नर समाज हैं। बता दें कि उत्तर मध्य मुंबई लोकसभा सीट पर किसी भी पार्टी का दबदबा नहीं रहा है। यहां से कभी बीजेपी जीती तो कभी कांग्रेस. शिवसेना और आरपीआई के उम्मीदवार भी यहां से जीतने में सफल रहे हैं। इसके तहत 2014 में इस सीट से बीजेपी की पूनम महाजन जीतीं तो 2009 में कांग्रेस से प्र‍िया दत्त ने बाजी मारी। 2004 में कांग्रेस के एकनाथ गायकवाड़ तो उससे पहले 1999 में शिवसेना के मनोहर जोशी वहीं 1998 में आरपीआई के रामदास अठावले ने भी कब्जा जमाया। 1996 में शिवसेना के नारायण अठावले तो 1991 में कांग्रेस के शरद दीघे को जीत मिली। 

मुंबई उत्तर-मध्य मतदान क्षेत्र का इतिहास 
स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई के बाद से इस निर्वाचन क्षेत्र का इतिहास है। शरद दिघे, नारायण आठवले, रामदास आठवले, मनोहर जोशी, एकनाथ गायकवाड, प्रिया दत्त जैसे नेताओं ने इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है। निर्वाचन क्षेत्र के पश्चिमी छोर बांद्रा में बैंडस्टैंड है और पूर्व में कालीना चेंबूर तक का इलाका आता है। मुंबई एयरपोर्ट से विकास से संबंधित प्रभावित झोपड़ावासी, हवाई जहाजों के उड़ानों के कारण इमारतों की ऊंचाई बढ़ाने पर लगी रोक, सीआरजेड, जुहू एयरपोर्ट के विकास का मसला, बुलेट ट्रेन और मेट्रो रेल, मीठी नदी का प्रदूषण जैसे अन्य मुद्दे हैं। झोपड़ों के विकास का बहुत बड़ा मुद्दा सामने हैं लेकिन कोई विकास साक्षात नहीं है। कागजों पर डिवेलपमेंट तेजी से हो रहा है। बीकेसी का विकास तेजी से हुआ लेकिन रीचेबल नहीं बनाया जा सका। कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशन से बीकेसी तक आने-जाने के लिए रोज आम जनता को लड़ाई लड़ना पड़ता है। कालीना यूनिवर्सिटी आने जाने वाले छात्रों को भी रोज यही झेलना पड़ता है। पहले कांग्रेस की प्रिया दत्त ने ध्यान नहीं दिया तो वही पूजन महाजन ने भी आंखे बंद कर ली है। तंग आ गए लोग कहते हैं ऐसा जनप्रतिनिधि कब आएगा जब उनकी रोजमर्रा की समस्याओं पर ध्यान देगा। बता दें कि इस साल निर्वाचन क्षेत्र में 90 हजार 708 मतदाता कम हुए। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार 31 जनवरी तक राज्य में कुल 16 लाख 47 हजार 639 वोटर रजिस्टर्ड है जबकि सन 2014 के लोकसभा चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र में 17 लाख 38 हजार 347 वोटर हैं। अब सवाल उठाए जा रहे हैं कि आखिर किस राजनीतिक दल के मतदाताओं की संख्या कम हुई है। 

►ठाणे लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र और उनके विधायक 
विधानसभा    पार्टी    विधायक
विलेपार्ले    बीजेपी    पराग अलवणी 
कुर्ला    शिवसेना    मंगेश कुडालकर
चांदिवली    कांग्रेस    नसीम खान
कालीना    शिवसेना    संजय पोतनिस
बांद्रा पूर्व    शिवसेना    तृप्ति सावंत
बांद्रा पश्चिम    बीजेपी    आशीष शेलार

►सन 2014 के लोकसभा चुनाव नतीजे 
पूजन महाजन (बीजेपी)- 4,78,535 वोट 
प्रिया दत्त (कांग्रेस)- 2,91,764 वोट 
फिरोज पालखीवाला (आप)- 34,824 वोट 

 

►वोटों का गणित
मराठी मतदाता - करीब 5.73 लाख
मुस्लिम मतदाता - करीब 3.50 लाख  
हिंदी भाषी मतदाता - करीब 2.38 लाख
गुजराती और राजस्थानी मतदाता - करीब 1.95 लाख
ईसाई मतदाता - 73,387 (जो कि मुंबई की सभी छह सीटों में सबसे ज्यादा ईसाई वोटर इसी मतदान क्षेत्र में हैं।)