आईपीएस संजय बर्वे ने मुंबई पुलिस आयुक्त का पदभार संभाला
28 Feb 2019
608
मुंबई, (28 फरवरी 2019)- महाराष्ट्र के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक संजय बर्वे ने मुंबई पुलिस आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने निवर्तमान पुलिस आयुक्त सुबोध जायसवाल से ये पदभार स्वीकार किया।इस अवसर पर सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेन भारती, सह पुलिस आयुक्त (अपराध) आशुतोष डुंबरे, सह पुलिस आयुक्त (परिवहन) अमितेश कुमार, सह पुलिस आयुक्त (प्रशासन) संतोष रस्तोगी समेत कई आला पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। पुलिस आयुक्त जायसवाल को पदोन्नति देकर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उनका पदभार बर्वे को सौंपा गया है। 1987 बैच के अधिकारी बर्वे इससे पहले भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में महानिदेशक के पद पर कार्यरत थे। उनकी पहली नियुक्ति नागपुर पुलिस आयुक्तालय में सहायक पुलिस आयुक्त के पद पर हुई थी। उसके बाद उन्होंने मुंबई पुलिस बल में पुलिस उपायुक्त और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशासन, रेलवे, स्टेट इंटेलिजेंस आदि विभागों में अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा उन्होंने राज्य रिजर्व पुलिस बल के पुलिस महानिरीक्षक के पद पर भी कार्य किया, साथ ही वर्धा में पुलिस कमिश्नर और सोलापुर में पुलिस कमिश्नर के रूप में भी काम किया है।
►राज्य के नये पुलिस महानिदेशक सुबोधकुमार जायसवाल
राज्य के पुलिस महानिदेशक के रूप में सुबोध कुमार जायसवाल ने आज निवर्तमान पुलिस महानिदेशक दत्ता पडसलगीकर से पुलिस महानिदेशालय में संपन्न हुए समारोह में कार्यभार स्वीकार किया। जायसवाल भारतीय पुलिस सेवा के 1985 बैच के अधिकारी हैं, वे इससे पहले मुंबई पुलिस आयुक्त पद पर कार्यरत थे। इस अवसर पर राज्य खुफिया विभाग की आयुक्त श्रीमती रश्मि शुक्ला, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून और सुव्यवस्था) परमवीर सिंह, अपर महानिदेशक (प्रशासन) डॉ. प्रज्ञा सरवदे, विशेष पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना) राजकुमार व्हटकर, विशेष पुलिस महानिरीक्षक ( कानून एवं सुव्यवस्था ), मिलिंद भारंबे और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।