राज्यपाल के अभिभाषण का विपक्षियों ने किया बहिष्कार
25 Feb 2019
995
मुंबई, (25 फऱवरी 2019)- राज्य विधिमंडल का अर्थसंकल्पीय अधिवेशन आज से शुरू हुआ, जिसमें विपक्षियों ने पहले ही दिन राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया। विधान परिषद के विरोधी पक्षनेता धनंजय मुंडे ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्यपाल का पद यह बेहद महत्वपूर्ण पद होता है, लेकिन राज्यपाल ने यहां राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के कार्यकर्ता की भूमिका लेते हुए अपने अभिभाषण की शुरूआत की, उनका अभिभाषण राज्यपाल के तौर पर राज्य के हित में होगा या फिर संघ के कार्यकर्ता के तौर पर संघ का एजेंडा पेश करने वाला होगा। इसकी आशंका के कारण हमने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया, वैसे भी राज्यपाल का अभिभाषण सिर्फ कागजातों तक ही सीमित रहता है। बता दें कि साल 2014 से बीजेपी-सेना की सत्ता आने के बाद पहली बार विरोधियों ने राज्यपाल के अभिभाषण का बहिष्कार किया। गौरतलब है कि राज्यविधिमंडल का अर्थसंकल्पीय बजट आज से शुरू हुआ। इसके तहत राज्यपाल सी.विद्यासागर राव ने मध्यवर्ती सभागृह में अभिभाषण शुरू किया, परंतु विपक्षियों ने बीच में ही राज्यपाल के अभिभाषण बहिष्कार किया। हालांकि अभिभाषण से पहले ही विधानभवन में राज्यपाल के आगमन के साथ ही विरोधियों ने ”गांधी हम शर्मिंदा है, तेरे कातिल जिंदा है’’ के जोरदार नारे लगाए। बता दें कि आज से शुरू हुआ अधिवेशन आनेवाले सात दिनों तक चलेगा। आगामी लोकसभा 2019 की चुनावी पाशर्वभूमि पर शुरू हुए इस अधिवेशन में किसान कर्जमाफी, बढ़ती बेरोजगारी, सूखाग्रस्त इत्यादि मुद्दों पर विरोधियों ने सत्ताधारियों को आंडे हाथों लेने की तैयारी की हैं।