मुंबई में नौवें दिन हुई बेस्ट बसेस की हड़ताल खत्म

 16 Jan 2019  527

►हाईकोर्ट के दखल के बाद हुई हड़ताल खत्म 

मुंबई, (16 जनवरी 2019)- मुंबई में पिछले नौ दिनों से चल रही बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) बसों की हड़ताल बुधवार को खत्‍म हो गई। बॉम्‍बे हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बेस्‍ट बस कर्मचारियों की ओर से यूनियन के वकील ने हड़ताल खत्‍म करने पर सहमति जताई। बेस्ट कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान हाईकोर्ट द्वारा इस पूरे मामले को सुलझाने के लिए मध्यस्थ नियुक्त किए जाने के बाद किया है। कोर्ट ने इस मामले में हाईकोर्ट के पूर्व जज को मध्यस्थ नियुक्त किया है। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान यूनियन ने बेस्‍ट के इंक्रीमेंट के ऑफर को स्‍वीकार कर लिया है। इसके अलावा अन्‍य मामले मध्‍यस्‍थता कर रहे हाईकोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस के सामने रखे जाएंगे। इससे पहले मंगलवार रात तक वापस लेने का बॉम्बे हाई कोर्ट का जुबानी निर्देश मानने से बेस्टकर्मियों ने इनकार कर दिया था। बता दें बेस्ट की सबसे महत्वपूर्ण मांग बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के बजट में बेस्ट को शामिल करने की है। इससे नुकसान में चल रही बेस्ट सेवा का घाटा बीएमसी के कोष से पूरा किया जा सके। जबकि, मुंबई बीएमसी में सत्ताधारी शिवसेना इसके लिए तैयार नहीं है। उनका तर्क है कि ‌‌बेस्ट उपक्रम को इस शर्त पर अलग किया गया था कि यह उपक्रम कम से कम एक लाख रुपये की कमाई करेगा। बीएमसी का कहना है कि, बेस्ट का करीब 550 करोड़ रुपयों का नुकसान उसे हर साल पानी, बिजली, अस्पताल, पार्क, जैसी नागरिक सुविधाओं में कटौती कर पूरा करना पड़ेगा। जो कि संभव नहीं है। बता दें कि, बेस्ट के पास लाल रंग की 3,200 से अधिक बसें हैं जो शहर के अलावा निकटवर्ती ठाणे जिले और नवी मुंबई में सेवाएं देती हैं। यह लोकल ट्रेन के बाद मुंबई में यातायात का सबसे बड़ा साधन है। इन बसों से लगभग 80 लाख यात्री रोजाना यात्रा करते हैं।