मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही है आफत की बारिश

 09 Jul 2018  501

►मूसलाधार बारिश होने के कारण  कई जगहों पर हो गया हैं जलजमाव 

मुंबई, (9 जुलाई 2018)- मुंबई और आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश होने के कारण आज कई जगहों पर जल-जमाव हो गया और कुछ मार्गों पर रेल पटरियां पानी में डूब गईं। सड़कों पर पानी का आलम इस कदर है कि लोगों को पैदल चलना तक मुहाल हो गया है। रविवार की सुबह सड़क पर जलजमाव की वजह से बाइक से महिला के गिरने से मौत हो गई। वहीं, सोमवार को मुंबई के ठाणे में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया है कि बारिश आने वाले चार दिनों तक जारी रहेगी। मुंबई यातायात पुलिस के मुताबिक,  घाटकोपर इलाके में एक रोड ओवर-ब्रिज के एक खंभे में दरार आने के बाद एहतियाती उपाय के तहत यातायात को गतिविधि के लिए बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने बाढ़ जैसे हालात से निपटने की तैयारी के तहत लोगों को अपने घरों से  बाहर न निकलने की अपील की है। मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि घाटकोपर पुल के नीचे से लंबी दूरी की और स्थानीय ट्रेनें गुजरती हैं और पिछले सप्ताह अंधेरी में पुल गिरने जैसी एक घटना से बचने के लिए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया. बारिश के कारण परेल, धारावी , माटुंगा और मुंबई में किंग सर्किल और दिवा, डोम्बिवली, कल्याण और अंबरनाथ सहित पड़ोस के ठाणे जिले के शहरों में बाढ़ जैसी स्थिति है। दादर, माटुंगा रोड, गोरेगांव और अन्य स्थानों पर रेलवे पटरियों पर से पानी हटाने के लिए पानी पंप का उपयोग किया जा रहा है, भारी और लगातार बारिश के बावजूद पश्चिमी रेलवे उपनगरीय सेवाओं के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे है।