रायगढ़ के पास दो बसों में टक्कर, ४० यात्री घायल
28 Jun 2018
511
मुंबई, (28 जून 2018)- रायगढ़ जिले के अलीबाग के कार्ले खिंड इलाके में गुरुवार सुबह स्टेट ट्रांसपोर्ट की दो बसों, 'शिवशाही' और एसटी की साधारण बस के बीच जोरदार टक्कर हुई। इस दुर्घटना में दोनों बसों में सवार 40 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों बसों के ड्राइवरों समेत 5 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को मुंबई के जे.जे हॉस्पिटल में ले जाया गया है।
शिवशाही बस (MH 14 GD 8739) रायगढ़ के मुरुंड से पुणे के स्वारगेट जा रही थी। अलीबाग पहुंचते ही सामने से आ रही एसटी बस (MH 14 BT 1877) से टकरा गई। दोनों की रफ्तार तेज होने के कारण दोनों के आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। शिवशाही बस के चालक एस. एन. सय्यद और सामान्य बस के चालक के. एस. लहाणे की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है।