प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर सहयोग देने की पर्यावरण मंत्री की अपील
23 Jun 2018
548
►कारखानों पर छापे मार कर अपराध दर्ज करने को कहा रामदास कदम ने
मुंबई, (22 जून 2018)- प्लास्टिक उत्पाद करने वाले कारखाने तथा अन्य उत्पादन इकाइयों पर छापे मार कर उनके विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने के आदेश पर्यावरण मंत्री श्री रामदास कदम ने आज मंत्रालय में संपन्न बैठक में अधिकारियों को दिए. उन्होंने सामान्य लोगों से प्लास्टिक प्रतिबंध में सहयोग देने को कहा.
श्री कदम ने अधिकारियों को कहा कि राज्य के विभिन्न शहरों में कितना प्लास्टिक इकट्ठा होता है तथा उसकी रीसाइक्लिंग की जाती है या नहीं? इस संबंध में रपट आठ दिवस के भीतर प्रस्तुत करें. उन्होंने कहा कि पर्यटक स्थल, तीर्थ स्थल, यात्रा तथा महोत्सव के समय श्रधालुओं को तथा उपभोक्ताओं को कपड़े की थैली के नाम पर दिए जाने वाली थैलियां वास्तव में प्लास्टिक की ही होती है. उन्होंने कहा कि इस तरह की थैलियों का उत्पादन करने वाले, इस का भंडार करने वाले, इसके विक्रेता तथा दुकानदारों पर तत्काल कार्रवाई करें और यह सभी उत्पादित माल जब्त करें. मंत्री महोदय ने इन लोगों पर अपराध दर्ज करने के भी आदेश दिए.
उन्होंने यह भी कहा कि बिना अनुमति के धड़ल्ले से चल रही प्लास्टिक उत्पाद इकाईया और कंपनियों को सील किया जाए तथा उनका सभी माल बरामद करें. उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में कहीं शहरों में अलग-अलग जगहों पर प्लास्टिक के उत्पाद का भंडार करने के लिए गोडाउन बनाए गए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे गोदामों का पता लगाएं, उन्हें सील करें तथा सभी उत्पादन बरामद करें.
श्री कदम ने यह भी कहा कि प्रत्येक जिला में जिलाधीश की अध्यक्षता में पर्यावरण समिति स्थापित की गई है तथा इस समिति ने प्लास्टिक बंदी को लेकर जन जागरण के लिए क्या-क्या उपाय किए हैं इसका समीक्षण करें. उन्होंने आह्वान किया कि 23 जून से राज्य में प्लास्टिक तथा थर्माकोल प्रतिबंध लागू किया जाएगा और नागरिकों को इसमें सहयोग देना चाहिए.
शिवसेना के युवा नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि प्लास्टिक तथा थर्माकोल का उपयोग पर प्रतिबन्ध को लेकर गणेश मंडलों की बैठक आयोजित की जानी चाहिए तथा उन्हें विश्वास में लेकर प्लास्टिक तथा थर्माकोल के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए. आदित्य ठाकरे ने यह भी कहा कि सरकारी ,अर्ध-सरकारी कर्मियों को अपने घर में रखी सभी प्लास्टिक की वस्तुएं प्लास्टिक कलेक्शन सेंटर पर लाकर दे देनी चाहिए. इस समय प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव डा प अनबलगन और अन्य अधिकारी उपस्थित थे.