उस्मानाबाद-लातूर-बीड विधानपरिषद के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार सुरेश धस हुए विजयी
12 Jun 2018
1367
महाराष्ट्र, (12 जून 2018)- महाराष्ट्र के उस्मानाबाद-लातूर-बीड विधान परिषद चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार सुरेश धस ने बाजी मारी है। सुरेश धस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार अशोक जगदाले को 74 मतों से हराया। गौरतलब है कि विधान परिषद चुनाव में कुल 1 हजार 4 वोट पड़े। इसमें से सुरेश धस को 526 तो अशोक जगदाले को 452 मत मिले। अशोक जगदाले ने हार के लिए कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाया है, जबकि विजयी उमीदवार सुरेश धस ने सभी के साथ मिलने का दावा किया है। इस चुनाव परिणाम से ग्राम विकास मंत्री पंकजा मुंडे का कद बढ़ा है, जबकि उनके धुर विरोधी और विधान परिषद में विरोधी दल नेता धनंजय मुंडे को झटका लगा है, क्योंकि चुनाव के पहले पंकजा मुंडे के समर्थक रमेश कराड को एनसीपी का टिकट देकर बड़ा झटका दिया था, लेकिन बाद में अचानक रमेश कराड ने अपना नाम वापस ले लिया था। मजबूरन एनसीपी को निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देना पड़ा था।