महाराष्ट्र के सीएम को परिवार सहित जान से मारने की मिली धमकी.

 08 Jun 2018  477

मुंबई, (8 जून 2018)- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को जान से मारने की धमकी भरा एक खत मिला है। राज्य गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि हमें एक माओवादी संगठन की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को जान से मारने की धमकी भरे दो खत मिले है। इस खत में न सिर्फ देवेंद्र फड़णवीस बल्कि उनके परिवार की भी हत्या करने की धमकी दी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य गृह मंत्रालय को मिले इन दोनों ही खतों में गढ़चिरोली एनकाउंटर के दौरान कई माओवादियों द्वारा हथियार डालने और समर्पण करने का जिक्र किया गया है। बता दें कि बीते अप्रैल महीने में महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में माओवादियों और पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त ऑपरेशन के दौरान 16 नक्सली मारे गए थे, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। 

►क्या लिखा है, पत्र में,

राज्य गृह मंत्रालय के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पत्र में लिखा है कि हम लोग माक्सवादी विचारों से प्रेरित है। हमारे ही लोगों को मारकर तुम लोग हमारे विचारों का अंत नहीं कर पाओगे। गड़चिरोली में जो कुछ हुआ, उसका हिसाब जरूर होगा। इस तरह की भाषा का इस्तेमाल पत्र में किया है। 

►पहले पीएम को भी मिल चुकी हैं, जान से मारने की धमकी,

सूत्रों से मिली जाकारी के मुताबिक,  इससे पहले पुणे पुलिस ने दिल्ली में रोना विलसन के घर पर मिले पत्र में नरेंद्र मोदी की हत्या की साजिश होने की बात कही है। पुलिस ने पत्र का एक हिस्सा जारी किया है। इसमें लिखा है, नरेंद्र मोदी एक फांसीवादी-हिन्दूवादी नेता हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल में भले वह सरकार बनाने में सफल ना हुए हो पर देश के 15 राज्यों में उनकी सरकारें बनी है। अगर इसी गति से वे आगे बढ़ते रहे तो सभी पार्टियों के लिए परेशानी बढ़ जाएगी। पत्र में आगे लिखा है, इसलिए अब कुछ वरिष्ठ कामरेडों ने साल 2016 के ओडीएच मिशन से भी क्रूर कदम उठाने की ठानी है। मोदी राज को खत्म करना होगा। इसके लिए राजीव गांधी हत्याकांड जैसी एक घटना को अंजाम देना होगा। सह आत्मघाती साबित हो सकता है। इसके असफल होने की भी संभावना है। लेकिन पार्टी में इस प्रस्ताव को रखा जाना चाहिए। नरेंद्र मोदी को मारने के लिए रोड शो के दौरान इस घटना को अंजाम देने का सबसे सही समय होगा।