पालघर में जीती बीजेपी, लेकिन भंडारा में मिली हार
31 May 2018
444
महाराष्ट्र, (31 मई 2018)- महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट में बीजेपी के राजेंद्र गवित चुनाव जीत गए हैं। काउंटिंग में राजेंद्र गवित शुरू से ही बढ़त बनाए थे। चुनाव परिणाम सभी 4 बड़े राजनीतिक दलों- बीजेपी, शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस नतीजे का उनकी भावी दिशा पर असर पड़ने की संभावना है। शिवसेना के श्रीनिवास वनागा कई हजार मतों से पीछे थे। गौरतलब है कि राजेंद्र गवित कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं, वैसे पालघर परंपरागत रूप से बीजेपी की सीट रही है। भंडारा-गोंदिया सीट पर बीजेपी के हेमंत पटले और एनसीपी के मधुकर कुकडे के बीच मुकाबला था। इसमें एनसीपी के कुकडे ने बाजी मारी। यह सीट बीजेपी सांसद नाना पटोले के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी।
►कैराना में मिली हार
कैराना लोकसभा सीट पर बीजेपी की मृगांका सिंह और गठबंधन उम्मीदवार तबस्सुम हसन के बीच टक्कर काफी रोचक रही। अब तक की वोटों की काउंटिंग में वह 41391 वोट से बढ़त बनाए हैं। 13 राउंड की वोटिंग में बीजेपी की मृगांका सिंह काफी पिछड़ गई थीं। इस बीच, मृगांका सिंह ने अपनी हार स्वीकार करते हुए तबस्सुम हसन को जीत की बधाई दी है। 4 लोकसभा और 11 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के वोटों की गिनती चल रही है, इनमें कई जगह के परिणाम आ गए हैं। इनमें सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश की कैराना, महाराष्ट्र की पालघर और भंडारा-गोंदिया है, जबकि उत्तर-पूर्वी भारत की नागालैंड लोकसभा सीट के नतीजे आएंगे। गौरतलब है कि सुबह से ही कैराना सीट पर गठबंधन उम्मीदवार तबस्सुम हसन आगे थीं, जबकि बीजेपी की मृगांका सिंह दूसरे नंबर पर थीं। इस सीट पर कुल 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चर्चित कैराना सीट पूर्व बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन से खाली हुई थी, जिसके बाद उप चुनाव के लिए बीजेपी ने हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को इस सीट पर चुनावी मैदान में उतारा गया था। दरअसल, इन उपचुनावों में भाजपा जीत हासिल कर मतदाताओं को यह संदेश देना चाहती है कि गोरखपुर और फूलपुर में मिली हार केवल अपवाद थी।