राज्य में महामार्गों पर १६० स्वच्छता गृह बनाये जाएंगे

 28 May 2018  1136

मुंबई, (28 मई 2018)-  सार्वजनिक  निर्माण मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल ने आज घोषणा की कि राज्य में  सार्वजनिक  निर्माण विभाग के अधिकार क्षेत्र के महामार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए 160 स्थानों पर स्वच्छता गृह बनाये जाएंगे  साथ ही, इन स्वच्छता गृहों की जानकारी गूगल ऐप पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।

भारतीय महिला शक्ति संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने वर्षा पवार-तावडे के नेतृत्व में श्री पाटिल से मुलाकात  की।  इस अवसर पर, प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के महामार्गों  पर स्वच्छता गृह बनाये जाने तथा महिला यात्रियों के लिए  आवश्यक सुविधाएँ  उपलब्ध  करवाने की माँग पाटिल से की।  इसी अवसर पर उन्होंने यह घोषणा की।

मुख्य रूप से महिला यात्रियों के लिए महामार्गों पर स्थित स्वच्छता गृहों में   सैनेटरी नैपकिन प्रदान करने के लिए सेनेटरी पैड मशीन लगाये जाने की   मांग शामिल थी। मंत्री पाटिल ने इस मांग को स्वीकार किया और आश्वासन दिया कि महामार्गों  पर शौचालयों में यह व्यवस्था की जाएगी।

महामार्गों पर निर्मित स्वच्छता गृहों की सुरक्षा और मरम्मत और रखरखाव की ज़िम्मेदारी तीन साल के लिए स्वच्छतागृह का निनिर्माण करने वाली संस्था की होगी। साथ ही, महिला बचत समूहों को यह देखने की ज़िम्मेदारी दी जाएगी कि स्वच्छता गृहों की साफ सफाई अच्छी तरह से हो रही है अथवा नहीं, पाटिल ने कहा। 

सार्वजनिक  निर्माण विभाग सचिव (सड़क) सी. पी. जोशी, उप सचिव पी. के. इंगोले, संघ उपाध्यक्ष सीमा देशपांडे, मुंबई विभाग की सचिव सुरेखा किणगाँवकर, अर्चना बख्शी, मंजू नायर और अन्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।