कर्मचारियों के बीमा पालिसी पर बीएमसी स्थायी समिति में हुआ जोरदार हंगामा
03 May 2018
489
मुंबई, (03 मई 2018)- बीएमसी के एक लाख से अधिक कर्मचारियों की ग्रुप बीमा योजना को लटकाए जाने पर गुरूवार को स्थायी समिति में जमकर बवाल हुआ। पिछले 9 महीने से बीमा योजना का लाभ न मिलने से कर्मचारियों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है। बीमारी की स्थिति में उन्हें लाखो रुपये इलाज के लिए देने की नौबत आ गई। हालांकि जोरदार हंगामे के बाद बीएमसी प्रशासन ने इस मामले पर ठोस निर्णय लेने का आश्वासन सदस्यों को दिया। गौरतलब है कि बीएमसी ने तीन वर्ष पूर्व अपने कर्मचारियों के लिए ग्रुप बीमा योजना शुरू की थी। शुरुआती दो वर्ष में प्रीमियम से अधिक दावे आने के बाद तीसरे साल के लिए कंपनी ने काफी अधिक प्रीमियम की मांग की और मामला लटक गया। बीएमसी और कंपनी के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद विषय नहीं सुलझ सका। अब प्रशासन ने नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। हालांकि इस बीच बीमार पड़ने वाले कर्मचारियों को भारी मुश्किलो का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन पिछले नौ महीने में कर्मचारियों द्वारा भरे गए पैसों को लेकर कोई भी ठोस आश्वासन देने के मूड में नहीं है।