अब स्थानीय निकाय संस्थाओं के क्षेत्र में लगेंगे एलईडी
14 Feb 2018
631
मुंबई, (14 फरवरी 2018)- उर्जा बचत के लिए प्रदेश की सभी महानगरपालिका, नगरपालिका और नगर परिषदों के अ|धिकार क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट को एलईडी लाइट बनाए जाने की जानकारी आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी। महाराष्ट्र की स्थानीय निकाय संस्थाओं के कार्यक्षेत्र की सड़कों पर लगे पुराने पारंपरिक स्ट्रीट लाइट बदलकर, उसमें एलईडी बल्ब लगाने के लिए एनर्जी एफिशिएन्सी सर्विसेस लिमिटेड (ईईएसएल) और नगर विकास विभाग में आज करार किया गया, इस अवसर पर फडणवीस उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, नगर विकास विभाग की प्रधान सचिव मनिषा म्हैसकर, ईईएसएल के प्रबंध निदेशक सौरभ कुमार मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर विकास विभाग की अमृत योजना को मिली सफलता को केंद्र सरकार ने संज्ञान में लिया है। एलईडी स्ट्रीट लाइट का काम उत्तम दर्जे का हो। दिसंबर तक यह काम समय पर पूरा करने का निर्देश उन्होंने ईईएसएल को दिया। इस करार के अनुसार ईईएसएल की स्ट्रीट लाईटिंग नेशनल प्रोग्राम के अंतर्गत महाराष्ट्र के सभी प्रमुख शहरों की सड़कों पर तकरीबन 20 लाख एलईडी बल्ब लगाए जाएंगे। इससे मेगावॅाट बिजली की बचत होगी और बिजली बिल में न्युनतम 50 प्रतिशत की कमी आएगी। नगर विकास विभाग के अधीन करीब 394 शहरों की स्थानीय निकाय संस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिलेगा। इस परियोजना के तहत मौजूदा सोडियम वेपर, मर्क्युरी वेपर लाइट बदलकर वहां एलईडी लाइट लगाई जाएगी। इसी तरह इन लाइटों की अगले सात वर्ष तक देखभाल की जाएगी। इस योजना में मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नाशिक, औरंगाबाद, नागपुर, कोल्हापुर, सातारा, सांगली और नांदेड जैसे प्रमुख शहरों का समावेश होगा।
करार के अनुसार एलईडी स्ट्रीट लाइट की आपूर्ति, उसे स्थापित करने,शुरू करने, रखरखाव, वारंटी अवधि में अदला-बदली, सेवा और देखभाल आदि की जवाबदारी ईईएसएल ने ली है।अमरावती महानगरपालिका क्षेत्र में ईईएसएल द्वारा किए गए सफलतम काम का प्रस्तुतिकरण इस अवसर पर किया गया। इस समय नगराध्यक्ष और मुख्याधिकारी संगठन की ओर से मुख्यमंत्री फडणवीस सम्मान किया गया|