मुंबई समेत इन शहरों में तैनात की जाएगी सीएपीएफ (CAPF)
17 May 2020
420
मुंबई, (17 मई 2020)- महाराष्ट्र कोरोना वायरस से लड़ने के लिये अग्रिम मोर्चे पर तैनात पुलिसकर्मियों को थोड़ा आराम देने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां तैनात की गई हैं, ये तैनाती मुंबई, पुणे, मालेगांव, अमरावती समेत अन्य शहरों में हुई है। राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। राज्य सरकार ने हाल ही में केद्र से सीएपीएफ की 20 कंपनी भेजने का अनुरोध किया था। देशमुख ने मीडिया से कहा सीएपीएफ की कुछ कंपनियां महाराष्ट्र पहुंच चुकी हैं। मुंबई, पुणे, मालेगांव, अमरावती समेत अन्य स्थानों पर इन जवानों को तैनात किया जा रहा है, ताकि महाराष्ट्र पुलिस थोड़ा आराम कर सके। शनिवार को मुंबई में पुलिस के एक सहायक पुलिस निरीक्षक की कोविड-19 संक्रमण के कारण एक सरकारी अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि मरीज की बुधवार को जांच की गई थी और उनकी रिपोर्ट शनिवार को आई, जिसमें उन्हें संक्रमित पाया गया. मुंबई पुलिस बल में कोविड-19 से यह दसवीं मौत है। पुलिस के अनुसार राज्य में कोरोना वायरस से 1140 पुलिसकर्मी संक्रमित हैं। इनमें से 862 एक्टिव केस है, 268 मरीज ठीक हो गए हैं। इन मामलों में से 884 महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में दर्ज किए गए हैं। इन आंकड़ों के बाद मुंबई में संक्रमित मरीजों की संख्या 18,396 हो गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि आज 238 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई, अब तक कुल 18,396 मामलों में से 4,806 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीएमसी ने यह भी कहा कि शनिवार को 41 लोगों की मौत हुई, जबकि सात मई से 12 मई के बीच 14 लोगों की जान गई थी। मरने वालों में 26 पुरुष और 15 महिला हैं। 41 में से 24 मरीज अन्य बीमारियों से भी जूझ रहे थे। दो की उम्र 40 साल से कम है, जबकि 27 की उम्र 60 साल से ज्यादा थी जबकि 12 की उम्र 40 से 60 साल के बीच थी।