सीएम उद्धव ठाकरे और उनकी टीम ने की शरद पवार संग मीटिंग, कोरोना संक्रमण पर रणनीति तैयार

 15 May 2020  383

मुंबई, (15 मई 2020)- महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के कारण स्थिति बदहाल होतो जा रही है। इसपर आगे की रणनीति बनाने के लिए सीएम उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार शाम को राकांपा अध्यक्ष शरद पवार के साथ एक मीटिंग की है। इसमें अर्थव्यवस्था को गति देने संबंधी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। बैठक में शरद पवार के अलावा जयंत पाटिल, अनिल देशमुख, राजेश टोपे और आदित्य ठाकरे के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मीटिंग में पिछले 55 दिनों के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा उठाए कदमों पर चर्चा हुई है। इसके अलावा राज्य की कानून व्यवस्था, मजदूरों को उनके राज्य ले जाने और यहां लाने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही इन समस्याओं के उपायों पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बैठक में राज्य में कुछ स्थानों पर लॉकडाउन की वर्तमान स्थिति और इसके अगले चरण की योजना और वित्तीय लेनदेन शुरू करने को लेकर चर्चा की। लॉकडाउन का तीसरा चरण 17 मई को समाप्त हो रहा है और अगला निर्णय यह देखने के बाद लिया जाएगा कि केंद्र सरकार लॉकडाउन के चौथे चरण का फैसला कैसे करती है।