महाराष्ट्र में आज 1495 नए पॉजिटिव मिले, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 20 कंपनियां होंगी तैनात

 14 May 2020  408

►महाराष्ट्र लॉकडाउन फेज-3 का 10वां दिन

मुंबई, (14 मई 2020)- महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बुधवार को  1,495 मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में पॉजिटिव मिले मरीजों का सबसे बड़ा आकड़ा है। इसके अलावा,  संक्रमण से 54 मौतें भी हुईं हैं। इनमें मुंबई में 40 की जान गई। राज्य में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 25,922 पहुंच गई है। वहीं संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 975 हो गई है। वहीं, बुधवार को 422 मरीज ठीक होकर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज भी हुए हैं। इसे मिलाकर कुल 5,547 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। बुधवार को महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि ड्यूटी के लंबे घंटे होने की वजह से पुलिसकर्मी थक गए हैं। इससे उन्हें मानसिक और शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा, कई पुलिसकर्मी पॉजिटिव भी मिले हैं। 25 मई को ईद भी आ रही है। इसलिए राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएपीएफ की 20 कंपनियों की आवश्यकता होगी। हमने केंद्र से इसकी मांग की थी, जिसे केंद्र ने मंजूर कर लिया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रवासी मजदूरों की घर वापसी आसान करने के लिए 54 करोड़ 75 लाख रुपए की भारी-भरकम रकम राज्य के 36 जिला अधिकारियों के खाते में मुख्यमंत्री सहायता निधि से आवंटित की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि महाराष्ट्र में दूसरे राज्यों के मजदूर लॉकडाउन की वजह से अटके हुए हैं। इसी प्रकार महाराष्ट्र के भी मजदूर दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं। इन्हें श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से लाने के लिए टिकट का खर्च अब मुख्यमंत्री सहायता निधि से होगी। महाराष्ट्र सरकार ने राज्यभर की जेलों में बंद कुल 35 हजार कैदियों में 17 हजार को अस्थायी पैरोल पर छोड़ने का फैसला लिया है। देशमुख ने बताया कि सरकार ने यह फैसला हाल में मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में 185 कैदियों के संक्रमित पाए जाने के बाद लिया है। सरकार की तरफ से बताया गया कि 5000 विचाराधीन कैदियों को पहले ही छोड़ा जा चुका है। राज्य के गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लगभग 42 हजार प्रवासी मजदूर महाराष्ट्र से 35 ट्रेनों के जरिए अपने गृह राज्यों में भेजे गए। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में अपने-अपने राज्यों में लॉकडाउन के कारण फंसे लोगों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन शुरू की हैं। महाराष्ट्र में कोरोना का पॉजिटिव रेट 12 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। अब हर 100 सैंपल में से 12 सैंपल पॉजिटिव आ रहे हैं। शनिवार तक पॉजिटिव रेट 9 प्रतिशत और 20 अप्रैल तक 5 प्रतिशत था। डॉक्टरों के अनुसार, आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी हो सकती है।  
महाराष्ट्र में लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में अब तक एक लाख 4 हजार मामले दर्ज किए गए हैं। इस संबंध में 19 हजार 838 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गृह मंत्री देशमुख ने बताया कि पुलिस पर हमले के 212 मामले सामने आए हैं। इस संबंध में 750 लोगों को पकड़ा गया। नवी मुंबई में 25 साल के एक युवक ने अकेलेपन की वजह से मंगलवार को खुदकुशी कर ली। सूरज सुरवे नामक यह युवक कोपर खैराने के सेक्टर चार इलाके में स्थित अपने घर में पंखे से लटका मिला। युवक इंजीनियर था और लॉकडाउन की वजह से घर से ही काम कर रहा था जबकि उसका परिवार अपने गृह नगर में फंसा था। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने लिखा है कि वह अकेला था और लॉकडाउन की वजह से परिवार से नहीं मिल पा रहा था। 

 

  ►कोरोना अपडेट्स

1, धारावी एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में बुधवार सुबह 46 नए संक्रमित मिले। वहीं, एक व्यक्ति की मौत हो गई। यहां अब तक 962 केस मिले और मरने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई।
2, मुंबई- सिवरी पुलिस स्टेशन में तैनात एएसआई मुरलीधर शंकर वाघमारे की कोरोना से मौत हो गई। अब तक महाराष्ट्र पुलिस डिपार्टमेंट के 8 लोगों की कोरोना से जान गई। इसमें 5 पुलिसकर्मी मुंबई के हैं जबकि एक-एक पुणे, सोलापुर और नासिक ग्रामीण से हैं। महाराष्ट्र में 90 अधिकारियों समेत 819 पुलिसकर्मी संक्रमण की चपेट में हैं। इनमें मुंबई पुलिस विभाग के 400 पुलिसकर्मी शामिल हैं
3, नांदेड़- शहर में फंसे 10 और प्रवासी नागरिकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 42 हो गई है। वहीं, यहां मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 2 तक पहुंच गया है।