महाराष्ट्र में अबतक 1000 से अधिक पुलिस वाले कोरोना की चपेट में

 12 May 2020  430

मुंबई, (11 मई 2020)- महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यहां आम लोगों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं, पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में करीब 221 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। एक दिन में ये अबतक का सबसे बड़ा उछाल है। महाराष्ट्र में अबतक कुल कोरोना वायरस से पीड़ित पुलिसकर्मियों की संख्या 1007 पहुंच गई है, जिसमें कुल 106 पुलिस अफसर और 901 पुलिसकर्मी हैं। हालांकि सिर्फ मुंबई पुलिस की बात करें तो यहां 400 का आंकड़ा छूने को है, अभी तक मुंबई पुलिस के कुल 394 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से पीड़ित हैं, मुंबई में कई पुलिस स्टेशन, रिजर्व फोर्स इस वायरस से प्रभावित है। बता दें कि कोरोना वायरस की वजह से महाराष्ट्र पुलिस डिपार्टमेंट में अबतक 7 की मौत हुई है, जिनमें से चार मौत मुंबई में शामिल हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र देश का ऐसा राज्य है, जहां पर कोरोना वायरस के सबसे अधिक केस हैं. सोमवार सुबह तक राज्य में कुल मामलों की संख्या 22171 है, जबकि अबतक मौत का आंकड़ा 832 पहुंच गया है। अकेले मुंबई में ही कोरोना वायरस के कुल केस 10 हजार से अधिक हैं और मौत 500 के करीब है, रविवार को प्रदेश में 1200 से अधिक कोरोना वायरस के केस रिपोर्ट हुए जो एक दिन में सबसे ऊंची उछाल थी। बता दें कि देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 67 हजार के अधिक पहुंच गई है, जबकि मौत का आंकड़ा 2200 को पार कर चुका है, अबतक देश में करीब 16 लाख से अधिक कोरोना वायरस के टेस्ट हुए हैं, जिनमें से दो लाख से अधिक टेस्ट सिर्फ महाराष्ट्र में ही हुए हैं।