राज्य में 3 लाख 96 हजार दिव्यांग मततादाओं का हुआ पंजीकरण
08 Oct 2019
553
►पुणे जिले में सबसे अधिक और सबसे कम हिंगोली जिले में- दिलीप शिंदे
मुंबई, (08 अक्टूबर 2019)- विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में कुल 3 लाख 96 हजार 673 दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण हुआ है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराने की सूचना दिए जाने की जानकारी अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दिलीप शिंदे ने दी है। जानकारी में बताया गया है की, पुणे जिले में 67 हजार 279 दिव्यांग व्यक्तियों का पंजीकरण हुआ है और यह राज्य में सर्वाधिक है। इसके बाद कोल्हापूर जिले में 24 हजार 197 और सांगली जिले में 21 हजार 742 लोगों ने दिव्यांग के रूप में पंजीकरण किया है। इसके अलावा सबसे कम यानि की 2329 लोगों ने हिंगोली जिले में दिव्यांग के रूप में पंजीकरण किया है। शिंदे ने जानकारी में बताया है कि दिव्यांगों को मतदान करते समय कोई भी दिक्कत न हो, इसके लिए मतदान केंद्रों पर विलचेअर की सुविधा की जाएगी। दिव्यांगों को केंद्रों तक आसानी से पहुँचने के लिए रैम्प लगाए जाएंगे। दिव्यांग मतदाताओं को सुविधा हो सके, इसलिए पहले तथा दूसरे मंजिल के तकरीबन 5400 मतदान केंद्र भूतल पर स्थलांतरित किए गए है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक दिव्यांग मतदाता मतदान कर सके, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। यह साल सुलभ चुनाव (ॲक्सेसेबल इलेक्शन) के रूप में घोषित किया गया है। इसलिए अधिकतर दिव्यांग नागरिक मतदाता के रुप में अपना पंजीकरण करे, इसके लिए मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय की ओर से विशेष प्रयास किए गए है। पीडब्ल्यूडी ॲप के द्वारा दिव्यांगों का पंजीकरण करने का आवाहन किया गया है।