सूखे पर चर्चा के लिए विशेष सत्र का हो सकता है आयोजन

 02 Jul 2019  529

मुंबई,(02 जुलाई 2019)-विधान परिषद में संसदीय कार्य मंत्री विनोद तावडे ने कहा कि सूखे पर चर्चा के लिए सकरार विधानमंडल का विशेष सत्र बुला सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में बारिश हो रही है। इसके बावजूद यदि दुर्भाग्य से स्थिति खराब होगी, तो विशेष अधिवेशन बुलाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तैयार है। कांग्रेस के विधायक दल नेता शरद रणपीसे ने विशेष सत्र की मांग की थी। सरकार और विपक्ष की सुनने के बाद सभापति रामराजे नाईक-निंबालकर ने कहा कि सदन में अंतिम सप्ताह प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हुई है, लेकिन सदन के सदस्य लिखित रूप में भाषण हमें सौपें सदस्यों का भाषण पटल पर रखा जाएगा। मैं राज्य सरकार को सदस्यों के सुझावों का नीतिगत फैसलों में समावेश करने का निर्देश देता हूं।

साथ ही  गृह निर्माण मंत्री पद से हटाए जाने के बाद भी विपक्ष प्रकाश मेहता के एसआरए घोटाले की गूंज को कमजोर नहीं होने देना चाहता। मंगलवार को विधान परिषद में सभापति रामराजे नाईक निंबालकर ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह पूर्व गृहनिर्माण मंत्री प्रकाश मेहता पर लगे आरोपों की लोकायुक्त से कराई गई जांच की रिपोर्ट विधान परिषद के पटल पर रखें। गौरतलब है कि मुंबई के ताडदेव स्थित एमपी मिल कंपाउंड में एसआरए परियोजना में बिल्डर को फायदा पहुंचाने का आरोप प्रदेश के तत्कालीन गृहनिर्माण मंत्री प्रकाश मेहता पर लगाया गया था। मामले की जांच लोकायुक्त से कराने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की थी। उसकी रिपोर्ट आ गई है। उसे पटल पर रखने की मांग की जा रही है। विधान परिषद में विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे और कांग्रेस के विधायक दल नेता शरद रणपीसे ने जांच रिपोर्ट पटल पर रखने की मांग की। मुंडे ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मेहता पर लगे आरोपों की लोकायुक्त से कराई जाने वाली जांच रिपोर्ट सदन में रखने का आश्वासन दिया था। बता दें कि मंगलवार को विधानमंडल मानसून सत्र का अंतिम दिन था और यह सत्र भी फडणवीस सरकार के कार्यकाल का अंतिम अधिवेशन भी था।