रायगड में बनेगी रिफाइनरी, सीएम ने दी विधानसभा में जानकारी

 19 Jun 2019  526

महाराष्ट्र,(19 जून 2019)- सिंधुदुर्ग-रत्नागिरी के नाणार में स्थापित की जाने वाली विवादित नाणार परियोजना पास के ही रायगड जिले में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके लिए अलिबाग, मुरूड, रोहा व श्रीवर्धन के चार तहसीलों के 40 गांवों से करीब 13,409.52 हेक्टर भूखंड अधिग्रहण किया जाएगा। भूखंड अधिग्रहण के लिए सिडको के नवनगर विकास प्राधिकरण को नियुक्त किया गया है। गौरतलब है शिवसेना ने नाणार में इस परियोजना का विरोध किया था। लोकसभा चुनाव में गठबंधन की घोषणा के दौरान ही नाणार रिफाइनरी परियोजना आधिकारिक तौर पर रद्द करने की जानकारी दी थी। अब सिंधुदुर्ग-रत्नागिरी जिले की बजाय रायगड जिले में बनाया जाएगा। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में लिखित जानकारी दी है। मुख्यमंत्री के अनुसार, नाणार परियोजना को रायगढ़ में लगाने का स्थानीय निवासियों द्वारा कोई विरोध नहीं है। 40 गांवों के ग्रामीण भू-अधिग्रहण के विरोध में नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने लिखित उत्तर में बताया कि अब रायगढ़ जिले में परियोजना स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से स्थानीय नागरिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। यह परियोजना सऊदी अरब के अरामको, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का संयुक्त उपक्रम है।