‘वसई-विरार से गुंडाराज खत्म कर दूंगा’- गावित

 28 Apr 2019  555

पालघर, (27 अप्रैल 2019)- वसई-विरार में गुंडाराज है। इसे मैं खत्म कर दूंगा। लोकसभा उपचुनाव की तरह ही बहुजन विकास आघाडी को हराना है। अगर इस बार वह हार गई, तो समझ लेना कि वह हमेशा के लिए खत्म हो गई है।' ये बातें शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को नालासोपारा (पश्चिम) में कहीं। वह पालघर लोकसभा सीट से शिवसेना उम्मीदवार राजेन्द्र गावित की चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उद्धव ने कहा, 'शिवसेना मर्दों की तरह काम करने वाली पार्टी है। गावित एक सज्जन व ईमानदार व्यक्ति हैं। उन्हें जिताना आपके हाथ में है। उन्होंने पिछले 8 महीने अच्छे काम किए हैं, इसलिए उन्हें यहां की उम्मीदवारी दी गई है।' हालांकि पहले उन्होंने सेना के चिह्न पर चुनाव लड़ने से मना कर दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समझाने के बाद वह तैयार हुए। ठाकरे ने कहा, 'श्रीनिवास वनगा को टिकट नहीं दिए जाने पर लोगों ने सवाल उठाए, लेकिन वनगा ने कहा था कि मुझे समय चाहिए और मैं विधानसभा में चुनाव लडूंगा। वनगा नाराज नहीं, बल्कि खुश हैं।' इस दौरान विधायक मनीषा कायंदे, रविन्द्र फाटक, विवेक पंडित, आगरी सेना के कैलाश पाटील व शिवसेना-भाजपा के पदाधिकारी-कार्यकर्ता मौजूद थे। ठाकरे की सभा का समय 11 बजे था। लोग 10 बजे ही मैदान में पहुंच गए। लोग तेज धूप के बीच उनका इंतजार करते रहे। लगभग 1 बजे ठाकरे जब स्टेज पर पहुंचे, तब लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि सभा में सेना-भाजपा ज्यादा भीड़ नहीं जुटा पाई। लगभग 4 सौ लोग ही थे, जिनमें श्रमजीवी संघटना की आदिवासी महिलाएं ज्यादा थीं।