एनसीपी ने जारी की लोकसभा चुनावी उम्मीद्वारों की पहली सूची

 14 Mar 2019  628

महाराष्ट्र, (14 मार्च 2019)- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने लोकसभा चुनावों के लिए अपने 12 उम्मीदवारों की पहली सूची बृहस्पतिवार को जारी की. वरिष्ठ नेता सुप्रिया सुले को पार्टी के मजबूत गढ़ बारामती से चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया गया है। हालांकि, इस सूची में शरद पवार के पौत्र पार्थ का नाम शामिल नहीं है क्योंकि इसमें मावल सीट का भी जिक्र नहीं है जहां से इस युवा नेता को चुनावी मैदान में उतारे जाने की संभावना है। सुप्रिया सुले को पवार परिवार का गढ़ माने जाने वाले बारामती से ही फिर से उम्मीदवार बनाया गया है. वह निवर्तमान लोकसभा में भी इसी सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं पार्टी ने मोहम्मद पी पी फैजल को लक्षद्वीप से टिकट देने का फैसला किया है। सूची में प्रमुख नामों में पूर्व सिंचाई मंत्री रायगढ़ से सुनील तटकरे, पूर्व राज्य मंत्री जलगांव से गुलाबराव देवकर, सतारा से उदयनराजे भोसले, कोल्हापुर से धनंजय महाडिक, (पूर्वोत्तर मुंबई) से संजय दीना पाटिल और ठाणे से आनंद परांजपे के नाम शामिल हैं। सूची में शामिल अन्य लोगों में बुल्ढाणा से राजेंद्र शिंगणे, परभणी से राजेश वितेकर और कल्याण सीट से बाबाजी बलराम पाटिल हैं। स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी का नाम भी NCP की सूची में है. शेट्टी की पार्टी राजग छोड़ कर संप्रग में शामिल हुई थी। पवार नीत पार्टी ने लक्षद्वीप से मोहम्मद फैजल को उतारा है। पार्टी ने अब तक विवादास्पद अहमदनगर एवं माढा सीट से किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। पवार के माढा सीट से लड़ने की संभावना थी लेकिन उन्होंने हाल ही में इससे इनकार किया था।