महाराष्ट्र के चार मान्यवरों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया प्रा. वामन केंद्रे, शंकर महादेवन तथा कोल्हे दंपति को पद्मश्री प्रदान
11 Mar 2019
435
नई दिल्ली, (11 फरवरी 2019)- राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों आज नाट्यकर्मी प्राध्यापक वामन केंद्रे , सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रवींद्र और डॉ. स्मिता कोल्हे और गायक शंकर महादेवन को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के चार गणमान्य व्यक्तियों को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।पद्म पुरस्कारों का वितरण दो चरणों में किया जाता है। आज के पहले चरण में, पद्मभूषण से आठ गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जबकि 39 अन्य गणमान्य व्यक्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इनमें महाराष्ट्र के चार मान्यवर शामिल हैं। चिकित्सा क्षेत्र के योगदान के लिए, डॉ. रवींद्र और डॉ. स्मिता कोल्हे को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 34 वर्षों से अधिक समय से कोल्हे दंपति ने अमरावती जिले के मेलघाट के आदिवासी बहुल इलाकों में गरीबों और वंचितों को स्वास्थ्य सेवा प्रदान की है। प्रसिद्ध रंगमंच कलाकार और नाट्य निर्देशक और राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के पूर्व संचालक प्राध्यापक वामन केंद्रे को कला क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया । प्रा. केंद्रों ने लगातार 35 वर्षों तक नाट्य शिक्षण दिया है। साथ ही, भारत और विदेशों में प्रा. केंद्रे ने नाट्य प्रशिक्षण पर सफलतापूर्वक कार्यशालाएं आयोजित की हैं। कला क्षेत्र में किये गये विशेष योगदान के लिए प्रसिद्ध गायक और संगीत संयोजक शंकर महादेवन को पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। श्री महादेवन ने अब तक विभिन्न भाषाओं में 3,000 से अधिक गाने गाए हैं। महादेवन देश और विदेश में भारतीय शास्त्रीय संगीत, जैज, फ्यूजन, रॉक, लोक संगीत, फिल्म संगीत और भक्ति गीत प्रस्तुत करते आ रहे हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर, इस वर्ष देश में 112 पद्म पुरस्कारों के नामों की घोषणा की गई थी। इनमें महाराष्ट्र के 11 लोगों के नाम शामिल हैं, जिनमें से 4 को आज सम्मानित किया गया। अगले चरण में ये पुरस्कार 16 मार्च, 2019 को प्रदान किये जाएँगे।