कांग्रेस ने की चुनाव की तैयारियां, एक मार्च से महाराष्ट्र में रैली करेंगे राहुल गांधी
18 Feb 2019
427
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस इसके साथ ही नवनियुक्त पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की भी अगले महीने राज्य में एक रैली करने की योजना बना रही है। इससे पहले कांग्रेस और राकांपा की दो संयुक्त जनसभाएं 20 फरवरी और 23 फरवरी को क्रमश: नांदेड और बीड़ में होंगी। संयुक्त रैलियों में राकांपा प्रमुख शरद पवार और महाराष्ट्र के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ ही दोनों पार्टियों और उनके सहयोगी दलों के अन्य नेता भी शामिल होंगे। लोकसभा चुनाव के अप्रैल-मई में होने की उम्मीद है , जिसकी घोषणा होना अभी बाकी है। एक सूत्र ने कहा, ‘राहुल गांधी पार्टी के प्रचार के लिए धुले में होंगे। यह चुनावी मौसम में उनकी पहली रैली होगी। रैली का आयोजन धुले में हो रहा है, क्योंकि इससे जिले और पड़ोसी जलगांव और नंदुरबार से पार्टी कार्यकर्ताओं को उसमें शामिल होने में सुविधा होगी। महाराष्ट्र से कांग्रेस नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष से राज्य में चार से पांच रैलियों को संबोधित करने का अनुरोध किया है। हालांकि राहुल गांधी की रैली के बारे में पूछे जाने पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण ने कहा, ‘हम प्रक्रिया में हैं, हम धुले में एक रैली की योजना बना रहे हैं, लेकिन इसे अभी आधिकारिक रूप से अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। कांग्रेस अन्य समान विचार वाले दलों के साथ हाथ मिलाकर सत्ता में वापसी के प्रयास में है। साल 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को भाजपा से हार का सामना करना पड़ा था। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी महाराष्ट्र में केवल दो लोकसभा सीटें जीत पाई थी नांदेड (जिसका प्रतिनिधित्व चव्हाण) और हिंगोली (राजीव सातव) करते हैं। बता दें कि महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं। सीटों के हिसाब महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश (80) के बाद दूसरा सबसे बड़ा राज्य है।