कामगार बीमा सोसायटी की स्थापना को दें प्राथमिकता- एकनाथ शिंदे

 06 Feb 2019  2146

मुंबई, (06 फरवरी 2019)- सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री एकनाथ शिंदे ने निर्देश दिया है कि राज्य के श्रमिकों को आसान और प्रभावी उपचार के साथ श्रमिकों को नवीनतम चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के लिए राज्य बीमा सोसायटी की स्थापना को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

कामगार राज्य बीमा महामंडल महाराष्ट्र राज्य के प्रादेशिक मंडल की 112 वीं बैठक सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित की गई थी। इस अवसर पर सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री एकनाथ शिंदे और श्रम मंत्री संभाजी पाटिल-निलंगेकर समेत महामंडल के अधिकारी उपस्थित थे।

श्री शिंदे ने इस अवसर पर कहा कि इस सोसायटी की स्थापना होने से महत्वपूर्ण निर्णय जलद गति से लेना संभव हो सकेगा। इसके अलावा यह भी संभव हो सकेगा कि सरकार कामगारों को मेडिकल सुविधा अधिक आसानी से प्रदान कर सकेगी। इसीतरह केंद्र सरकार के अंतर्गत राज्य कामगार बीमा मंडल द्वारा प्रति वर्ष दी जानेवाली धनराशि सोसायटी में जमा होगी, जिससे अस्पताल और आवासीय इमारतों का रखरखाव, देखभाल, आधुनिक चिकित्सा उपचार और उपकरण की उपलब्धता इन अस्पतालों में हो सकेगी।

श्री पाटिल-निलंगेकर ने इस अवसर पर कहा कि कामगार राज्य बीमा योजना का लाभ राज्य के प्रत्येक जिले में पहुंचाना आवश्यक है। इसके लिए कामगार राज्य बीमा महामंडल (ईएसआईसी) को पहल करना जरूरी है। इसके लिए महामंडल को अध्ययन कर श्रमिक वर्ग को योजना का लाभ अधिक से अधिक कैसे मिले, इसका प्रयास करना चाहिए। श्री पाटिल-निलंगेकर ने आदेश दिया कि महामंडल द्वारा निर्धारित किया गया लक्ष्य किस प्रकार पूरा किया जाए, इसके लिए कारगर प्लान प्रस्तुत किया जाए।

राज्य के कामगारों की मेडिकल सुरक्षा के दृष्टिकोण से केंद्र सरकार के अधीन राज्य कामगार बीमा महामंडल की ओर से राज्य कामगार बीमा योजना प्रदेश के 22 जिलों में पंजीकृत श्रमिकों के लिए लागू की जाती है। इस योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार की ओर से श्रमिकों की चिकित्सा सुविधाओं पर खर्च किया जाता है, लेकिन चिकित्सा सुविधाओं के नियोजन की जिम्मेदारी पूरी तरह से राज्य सरकार की है। ये सुविधाएं राज्य कामगार बीमा योजना, सेवा दवाखाना, बीमा मेडिकल व्यवसाई और राज्य कामगार बीमा योजना अस्पतालों के माध्यम से श्रमिकों को प्रदान की जाती हैं।